गौतमबुद्धनगर जिले में चल रहे अवैध स्कूलों के खिलाफ बेसिक शिक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। बृहस्पतिवार को शिक्षा विभाग की टीम दादरी में पहुंची और चार स्कूलों पर कार्रवाई करते हुए बंद करा दिया।
जबकि आठवीं तक मान्यता लेकर नौवीं और दसवीं की पढ़ाई कराने वाले स्कूल को नोटिस जारी कर दोनों कक्षाओं को बंद कराने को कहा गया है। इन चारों स्कूल में करीब 800 बच्चे पढ़ते हैं।
शिक्षा विभाग को लगातार अवैध स्कूलों के खिलाफ शिकायत मिल रही थी। इस पर कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार को मून लाइट एकेडमी, मूनलाइट किड्स केयर, नन्हीं दुनिया इंटरनेशनल स्कूल और राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल को बंद करा दिया गया।
साथ ही आठवीं तक की मान्यता लेने के बाद नौवीं और दसवीं की पढ़ाई कराने वाले सनराइज पब्लिक स्कूल को नोटिस जारी कर कक्षाओं को बंद करने को कहा गया है।