लिंक रोड पर साहिबाबाद गांव के पास अज्ञात वाहन ने एक बाइक पर सवार चार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में चारों युवकों को गंभीर चोटें आईं हैं। पुलिस ने सभी घायलों को दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां एक युवक की मौत हो गई।
रविवार देर रात करीब दो बजे दिल्ली के गोविंदपुरी निवासी चार युवक एक ही बाइक पर सवार होकर गाजियाबाद निवासी एक दोस्त के घर जा रहे थे। साहिबाबाद गांव के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
इस दौरान सभी को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने सभी को कौशांबी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उन्हें दिल्ली के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। सोमवार सुबह इलाज के दौरान रोहित निवासी गोविंदपुरी, दिल्ली की मौत हो गई।
उसके तीन साथी शिवम, अंकित और रोहित निवासी गोविंदपुरी दिल्ली को गंभीर चोटें आईं हैं। एसएचओ लिंक रोड रोजंत त्यागी ने बताया कि मामले में कोई शिकायत परिवार की ओर से नहीं दी गई है। शिकायत के बाद कार्रवाई की जाएगी।
हेलमेट भी नहीं लगाया था किसी ने
एसएचओ ने बताया चारों युवक एक ही बाइक पर सवार थे। इतना ही नहीं युवकों में से एक ने भी हेलमेट नहीं पहना था। अगर युवक हेलमेट पहले होते तो शायद रोहित की जान बच सकती थी। एक बाइक पर चार लोगों का सवार होना भी हादसे को दावत देने जैसा है।