अति सुरक्षित नई दिल्ली इलाके में स्थित सेना भवन में पीएमओ के फर्जी परिचय पत्र के साथ घुस रहे सेना के फर्जी कर्नल व उनकी पत्नी समेत चार लोगों को शुक्रवार रात को हिरासत में लिया गया। देश की सुरक्षा एजेंसियों, एनआईए, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आतंकी होने के संदेह में चारों से संयुक्त रूप से पूछताछ की। इसके बाद चारों को साउथ एवेन्यू थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
फर्जी ले. कर्नल ने सेना की वर्दी पहन रखी थी और खुद को खुफिया विभाग का कर्मी बताया था। जांच में पता लगा कि फर्जी ले. कर्नल लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करता था। नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों का कहना था कि फर्जी कर्नल को देर रात गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इनके पास से फर्जी आईडी व कुछ दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
नई दिल्ली जिला डीसीपी मधुर वर्मा ने बताया कि एक गाड़ी शुक्रवार शाम पांच बजे सेना भवन में जबरदस्ती घुसने की कोशिश कर रही थी। वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने गाड़ी को रोका और ड्राइवर से पूछताछ की तो उसने बताया कि गाड़ी में लेफ्टिनेंट कर्नल अभिमन्यु बैठे हुए हैं। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने आई कार्ड दिखाने को कहा तो कर्नल अभिमन्यु ने अपना सादा वर्दी में पीएमओ का आई कार्ड दिखाया।
सुरक्षा कर्मियों ने जब सेना की वर्दी वाला आईकार्ड मांगा तो आरोपी का झूठ सामने आ गया। आरोपी की पहचान ए-1/ए-5 शास्त्री नगर, गाजियाबाद निवासी अमित शर्मा के रूप में हुई। आरोपी ने गाड़ी में बैठी महिला को अपनी पत्नी हरजिंदर कौर बताया। इसके बाद सेना के सुरक्षाकर्मियों ने अभिमन्यु शर्मा, हरजिंदर कौर, ड्राइवर सोनी व संदीप को हिरासत में ले लिया और शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे साउथ एवेन्यू थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अमित शर्मा को देर रात गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बाकी दो लोगों को अमित शर्मा का पीड़ित बताया जा रहा है। डीसीपी मधुर वर्मा ने बताया कि शुरूआती जांच में ये बात सामने आई है कि आरोपी लोगों के सेना व अन्य विभागों में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करता था। खबर लिखे जाने तक आरोपियों से संयुक्त पुलिस से पूछताछ की जा रही थी।