फोर्टिस अस्पताल के मेडिकल स्टोर में मरीजों को दवा के नाम पर खाली पत्ता दिए जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर जिला ड्रग विभाग के पास शिकायत की गई है।
जिसके बाद अब विभाग इस मामले को संज्ञान में लेकर जांच की तैयारी कर रहा है। वजीराबाद के रहने वाले एक व्यक्ति का इलाज फोर्टिस अस्पताल के न्यूरो विभाग में चल रहा है। करीब 15 दिन पहले वे डॉक्टर से चेकअप कराने के बाद डॉक्टर की लिखी दवाई अस्पताल परिसर में स्थित मेडिकल स्टोर से लेने पहुंचे।
यहां एमिफेरल-100 टेबलेट सहित अन्य दवा लेकर वे घर चले गए। आरोप है कि घर जाकर जब उन्होंने दवा का पत्ता निकाला तो उसमें टैबलेट ही नहीं निकली। एक-एक कर उन्होंने तीन पत्ते खोले लेकिन तीनों में ही टैबलेट नहीं निकली।
इसके बाद वे अस्पताल के मेडिकल स्टोर में दवा के खाली पत्ते वापस करने गए तो स्टोर वालों ने मना कर दिया गया। जबकि नियमानुसार दवा काखाली पत्ता वापस कर कंपनी को भेजना होता है।
इसके बाद उन्होंने ड्रग कंट्रोल ऑफिसर को इस बारे में शिकायत दी। वहीं, जिला ड्रग कंट्रोलर अमनदीप चौहान का कहना है कि इस बारे में मिली शिकायत के आधार पर जांच की जाएगी, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी।