विदेश राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह
- फोटो : amar ujala
पुलवामा हमले के 12 दिन बाद 26 फरवरी को पीओके में आतंकी कैंपों पर हुई एयर स्ट्राइक की पूर्व थल सेना अध्यक्ष व स्थानीय सांसद वीके सिंह ने सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत ने उचित समय, उचित जगह पर उचित तरीके से कार्रवाई की है। अब घाटी में इसका असर दिखेगा।
पाकिस्तान की ओर से प्रतिशोधात्मक कार्रवाई की संभावना पर वीके सिंह ने कहा कि भारत इसके लिए तैयार है। जिस कार्रवाई की भी जरूरत होगी, भारत सरकार करेगी।
गाजियाबाद के राजनगर स्थित अपने आवास पर मंगलवार को पत्रकारों से रूबरू केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वीके सिंह ने कहा कि भारत चाहता है कि कश्मीर में आतंकी घटनाओं पर रोक लगे। भारत का यह हमला भी सिर्फ आतंकियों पर था। पाकिस्तान ने आतंकियों पर कार्रवाई नहीं की, इसलिए भारत को कार्रवाई करनी पड़ी।
उन्होंने कहा कि हमने पहले भी कहा था कि देश के सैनिकों की शहादत बेकार नहीं जाएगी, उचित समय पर उचित कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव और पाकिस्तान की ओर से कार्रवाई आशंका पर उन्होंने कहा कि भारत किसी भी कार्रवाई का कड़ा जवाब देने के लिए तैयार है।
पाक के पूर्व प्रधानमंत्री मुशर्रफ के जवाबी कार्रवाई वाले बयान पर केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री ने कहा कि जो व्यक्ति खुद दूसरे देशों में हाथ जोड़कर जान बचाता घूम रहा हो, उसके बयानों का कोई मतलब नहीं है। वह अपने देश के बारे में कुछ नहीं कर सकते तो दूसरे के देश के बारे में क्या कर सकते हैं