दक्षिण-पूर्व दिल्ली के मोदी मिल के नजदीक शनिवार जंगल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास के एरिया को कब्जे में लेकर लिया। जंगल से आग की लपटों के अलावा धुंआ उठने लगा। स्थानीय लोगों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी। खबर मिलते ही पुलिस व दमकल की सात गाड़ियां मौके पर पहुंच गई।
देर रात तक आग पर काबू पाने के प्रयास जारी थे। आग की वजह से मथुरा रोड पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। दिल्ली यातायात पुलिस ने ट्वीट कर वाहन चालकों से मथुरा रोड से गुजरने से परहेज करने के लिए कहा। पीक आवर्स में हालात और खराब हो गए। भोगल, आश्रम तक वाहनों की कतारें लग गईं। दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि उनकी टीम को शाम करीब 4.52 बजे सूचना मिली कि मोदी मिल फ्लाईओवर के नजदीक मथुरा रोड के जंगलों में आग लग गई है। नजदीकी आश्रम और नेहरू प्लेस फायर स्टेशन से सात गाड़ियों को रवाना कर दिया गया। देखते ही देखते आग ने काफी बड़े हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया।
देर रात तक आग पर काबू पाने का काम जारी था। खबर लिखे जाने तक हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं थी। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे थे। वहीं, आग की वजह से पीक आवर्स में मथुरा रोड पर भारी जाम लग गया। राहत व बचाव कार्य की वजह से आश्रम से अपोलो अस्पताल वाला एक केरिज वे लगभग बंद हो गया। ट्रैफिक पुलिसकर्मी किसी तरह जाम खुलवाने में जुटे रहे। बाद में अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की कि वह मथुरा रोड की ओर आने से परहेज करें। देर रात मथुरा रोड पर वाहन रेंगते रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना था कि बचाव कार्य पूरा होने के बाद ही जाम के हालात से छुट्टी मिल पाएगी। आग पर काबू पाने के प्रयास जारी थे।