ऑनलाइन क्राइम के मामले जिले में बढ़ते जा रहे हैं। फेसबुक पर फ्रेंड बनकर एक विदेशी युवती ने शांतिनगर के युवक से 1,94,400 रुपये ठग लिए। पुलिस मामले की जांच करने की बात कह रही है। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित की रिपोर्ट तक दर्ज नहीं हुई थी।
मोहल्ला शांतिनगर भूड़ निवासी मोहम्मद सुहैल अंसारी ने बताया कि फेसबुक पर उसकी मोहम्मद फिसान नाम से आईडी है। कुछ समय पूर्व उसकी आईडी पर लीजा सराह नोक के नाम से एक महिला की फ्रैंड रिक्वेस्ट आई थी। उसने रिक्वेस्ट एक्सेप्ट कर ली।
इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। कथित युवती ने खुद को यूएसए निवासी बताया। इस दौरान युवती ने सुहैल से कोई बिजनेस करने की बात कही, जिस पर सुहैल ने असमर्थता जता दी। इसके बाद युवती ने कोरियर के माध्यम से कुछ रुपये भारत भेजने की बात कही थी।
11 जनवरी को पीड़ित के मोबाइल पर किसी महिला ने फोन किया। उसने खुद को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कस्टम अधिकारी बताया और कहा कि उसके नाम एक कोरियर आया है। कोरियर प्राप्त करने के लिए बैंक खाते में 34,400 रुपये जमा करने होंगे।
पीड़ित ने महिला के बताए बैंक खाते में रुपये जमा करा दिए। इसके बाद फिर एक फोन आया। कहा गया कि कोरियर में अधिक रुपया है, इसके लिए मनी लॉन्ड्रिंग अकाउंट जरूरी है, जिसमें 75000 रुपये लगेंगे।
सुहैल ने एक बार फिर दूसरे खाते में रुपये जमा कर दिए। इसके बाद तीसरे फोन कॉल पर मनी कन्वर्जिंग के नाम पर 85,000 रुपये जमा करा लिए गए। चौथी फोन कॉल पर जब उससे दो लाख रुपये जमा कराने के लिए कहा गया, तब जाकर उसे अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।
सुहैल ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। नगर कोतवाल का कहना था कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।