नये मोटर वाहन अधिनियम लागू होने के साथ ही दिल्ली के प्रदूषण जांच केंद्रों पर रोज करीब 40-45 हजार वाहन पहुंच रहे हैं। लोगों की सहूलियत को देखते हुए दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने शुक्रवार को दिल्ली के सभी प्रदूषण जांच केंद्रों को सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक खोलने के निर्देश जारी किए हैं।
परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने शुक्रवार को दिल्ली के सभी प्रदूषण जांच केंद्रों को निर्देश जारी किया है कि सभी केंद्रों पर वाहनों की प्रदूषण जांच सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक की जाए, ताकि दिल्ली वासियों को परेशानी का सामना ना करना पड़े। हालांकि फिलहाल दिल्ली परिवहन विभाग द्वारा नए मोटर वाहन अधिनियम के संबंध में नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है। सरकार जल्द ही अधिसूचना जारी कर सकती है।
उन्होंने कहा कि शुक्रवार को रेस कोर्स के नजदीक स्थित बेदी मोटर्स के एचपीसीएल पेट्रोल पंप पर एक डीजल वाहन से प्रदूषण जांच के लिए ज्यादा पैसे वसूलने के चलते सेंटर को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने सेंटर से कारण बताओ नोटिस मांगा है।