सेल्फी विद मफलरमैन, आप के फंड जमा करने का नया तरीका। लोगों में मशहूर हो चुके दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का मफलर इस बार ठंड में पार्टी के लिए फंड जुटाने का काम करेगा। पार्टी ने फंड रेजिंग कैपेंन के तहत यह अनोखा तरीका ढूंढा है, जिसे नाम दिया गया है सेल्फी विद मफलरमैन यानी अरविंद केजरीवाल के साथ सेल्फी खिंचवाने का मौका।
आप की बंगलूरू इकाई ने दिल्ली विधानसभा के लिए फंड जुटाने के लिए इस कैंपेन को लॉन्च किया है। जिसके तहत लकी ड्रॉ के जरिए कुछ लोगों को मफलरमैन के साथ फोटो खिंचवाने का मौका मिलेगा। ‘आप’ के सदस्य अरविंद झा ने बताया कि यह कार्यक्रम कर्नाटक ने ईजाद किया है।
यह पूरा कैंपेन इन्फोसिस के पूर्व सीएफओ, आईटी बालाकृष्णन की देखरेख में शुरू किया गया है। बालाकृष्णन ने बताया कि बैटमैन व स्पाइडरमैन की ही तरह भारत में मफलरमैन है जो कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग लड़ रहा है।