गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में हिडन कैमरा कॉलेज के कर्मचारी ने ही लगाया था। कॉलेज की आंतरिक जांच रिपोर्ट में यह बात सामने आई है। साथ ही संदिग्ध लोगों के नाम भी सामने आए हैं, लेकिन पुलिस जांच पूरी होने तक रिपोर्ट का खुलासा करने से इनकार किया है।
दरअसल, पिछले दिनों सेक्टर-62 स्थित जेएसएस कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल केबाथरूम में हिडन कैमरा मिला था। इसकी जांच के लिए कॉलेज ने डॉ. मीरा के नेतृत्व में पांच सदस्यीय जांच कमेटी बनाई थी। कमेटी ने अपनी अंतिम रिपोर्ट प्रबंधन को सौंप दी है।
इसमें बाहरी व्यक्ति को क्लीन चिट देते हुए कहा गया है कि हिडन कैमरा लगाने वाला शख्स कॉलेज का ही है। कमेटी के मुताबिक जो हिडन कैमरा पाया गया वो चाइनीज था, जिसकी बैटरी एक बार चार्ज करने के बाद मुश्किल से डेढ़ घंटे चलती थी।
साथ ही मेमोरी कार्ड की रिकार्ड करने की क्षमता भी कुछ ही घंटों की थी। कॉलेज के चीफ एडमिनिस्ट्रेटर बीके गुप्ता ने बताया कि रिपोर्ट के मुताबिक हिडन कैमरा लगाने वाला अंदर का व्यक्ति है।
उन्होंने कहा कि चायनीज कैमरे की बैटरी कुछ घंटों में खत्म हो जाती थी, जिसको दोबारा कॉलेज का ही कोई शख्स चार्ज कर सकता है। पुलिस को रिपोर्ट से अवगत करा दिया गया है।