कोहरे की मार से यात्रियों की परेशानी थमने का नाम नहीं ले रही है। कोहरे से ट्रेन ही नहीं विमान यात्रा भी प्रभावित हो रही है। बुधवार सुबह विमानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित रहा, जिससे दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्री काफी परेशान दिखे।
70 से अधिक विमानों पर कोहरे का असर दिखा। इनमें 24 से अधिक विमान सेवाएं कोहरे व अन्य कारणों से निरस्त रहीं तो तीन विमान डाइवर्ट किए गए। घने कोहरे को ध्यान में रख इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम से लैस किया गया है।
लो विजिबिलिटी प्रोसीजर के तहत कृत्रिम दृश्यता रनवे संख्या 10/28 और 11/29 पर उपलब्ध कराई गई है। इसके बावजूद कम दृश्यता की स्थिति में रनवे पर विमानों का संचालन प्रभावित होने लगा है। सुबह पांच बजे से एयरपोर्ट का रनवे धुंध से ढकना शुरू हो गया।
इस दौरान लो विजिबिलिटी प्रोसीजर एयरपोर्ट पर लागू कर दिया गया। रनवे की दृश्यता 50 मीटर से भी नीचे चली गई, यह स्थिति सुबह 9.30 बजे तक रही। एयरपोर्ट के अधिकारिक आकड़ों के अनुसार 38 विमान काफी देरी से संचालित हुए तो अन्य कारणों से 24 विमान सेवाएं निरस्त कर दी र्गइं। विभिन्न एयरलाईन की तीन फ्लाइट को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने की इजाजत नहीं मिली, लिहाजा तीनों फ्लाइट को डाइवर्ट कर दिया गया।