- एक ट्रेन डेढ़ घंटे देरी से चलेगी, चार ट्रेनों को रास्ते में रोककर चलाया जाएगा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली-रेवाड़ी रेलखंड पर निर्माण कार्य और परिचालन संबंधी कारणों से रेलवे ने पांच ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है। पटली और जटौला जौरी सांपका रेलवे स्टेशनों के बीच पुल संख्या 77 के पास आरसीसी बॉक्स लगाने के लिए बिजली और यातायात संबंधी दो ब्लॉक लिए जाएंगे। प्रत्येक ब्लॉक चार घंटे का होगा। इसके चलते एक ट्रेन को रीशेड्यूल किया गया है, जबकि चार ट्रेनों को रास्ते में रोककर चलाया जाएगा।
रेलवे के अनुसार, अजमेर जंक्शन से योग नगरी ऋषिकेश जाने वाली ट्रेन संख्या 09611 को 16 दिसंबर को निर्धारित समय से 90 मिनट देरी से रवाना किया जाएगा। यह ट्रेन अजमेर से रात 9:15 बजे प्रस्थान करेगी। दिल्ली जंक्शन से रेवाड़ी जाने वाली ट्रेन संख्या 54413 को 17 दिसंबर को रास्ते में 15 मिनट रोका जाएगा।
इसी तरह, साबरमती बीजी से योग नगरी ऋषिकेश जाने वाली ट्रेन संख्या 19031 को 16 दिसंबर को 45 मिनट रोककर चलाया जाएगा। उदयपुर सिटी से दिल्ली सराय रोहिल्ला आने वाली ट्रेन संख्या 20474 को 20 मिनट और जोधपुर जंक्शन से दिल्ली सराय रोहिल्ला आने वाली ट्रेन संख्या 22481 को 10 मिनट रास्ते में रोकने की व्यवस्था की गई है।
नई दिल्ली-जालंधर ट्रेन लुधियाना तक ही चलेगी
उत्तर रेलवे ने परिचालन संबंधी कारणों से नई दिल्ली-जालंधर सिटी ट्रेन के संचालन में भी बदलाव किया है। इसके तहत 23 अक्तूबर को नई दिल्ली से जालंधर सिटी जाने वाली ट्रेन संख्या 14681 की यात्रा लुधियाना जंक्शन पर ही समाप्त कर दी गई। वहीं, 24 अक्तूबर को जालंधर सिटी से नई दिल्ली आने वाली ट्रेन संख्या 14682 लुधियाना जंक्शन से ही रवाना होगी।