अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राउज एवेन्यू स्थित विशेष सीबीआई अदालत ने बृहस्पतिवार को नीट-यूजी पेपर लीक मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों को सात दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया। सीबीआई कोर्ट के विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता ने एजेंसी की याचिका स्वीकार करते हुए शुभम खैरनार (नासिक), मंगीलाल बिजवाल, विकास बिजवाल, दिनेश बिजवाल (जयपुर) और यश यादव (गुरुग्राम) को पूछताछ के लिए हिरासत में भेजा। एजेंसी का कहना है कि इन आरोपियों से पूछताछ कर पेपर लीक साजिश का पर्दाफाश किया जाएगा।
जांच एजेंसी के अनुसार, 3 मई को आयोजित नीट-यूजी 2026 परीक्षा से पहले ही भौतिकी रसायन, जीव विज्ञान के प्रश्न पीडीएफ प्रारूप में वाट्सएप और टेलीग्राम चैनल के जरिए वायरल कर दिए गए। 29 अप्रैल को यश यादव ने लीक पेपर साझा किए थे, जिन्हें मंगीलाल बिजवाल ने 10 लाख रुपये में लेकर अपने बेटे समेत अन्य अभ्यर्थियों को वितरित किया। विकास बिजवाल ने भी कई अभ्यर्थियों के संपर्क विवरण यश यादव को भेजे थे। एजेंसी ने आरोपियों के मोबाइल फोन से आपत्तिजनक चैट, लीक प्रश्न पत्र और अन्य डिजिटल सबूत बरामद किए हैं।