इंस्टाग्राम पर मोहल्ले के लड़कों का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने वाले अशोक उर्फ ठंडा पानी (28) की 17 अप्रैल को हत्या कर दी गई थी। हत्या के करीब पंद्रह दिन बाद पुलिस ने इस हत्याकांड से पर्दा उठाकर पांच युवकों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने कार से अगवा कर ठंडा पानी की डंडों और लोहे की पाइप से पीटकर हत्या कर दी थी। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अनुज उर्फ अन्नू (34), पवन उर्फ विकास (34), अभिनव राज उर्फ अन्नू पुदी (27), संदीप घावड़ी (35) और मुकेश कुमार (35) के रूप में हुई है। इन्होंने खुलासा किया है कि ठंडा पानी बदमाशी के दम पर लड़कों की चप्पल-जूते चटवाते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था।
घटना वाले दिन भी ठंडा पानी ने एक वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर डाला था। पुलिस को मामले में कई और आरोपियों की तलाश है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल डंडा, लोहे की पाइप व वारदात के समय पहने हुए कपड़े बरामद कर लिए गए है। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अपूर्वा गुप्ता ने बताया कि 17 अप्रैल की रात को एलबीएस अस्पताल से पुलिस को एक युवक की हत्या की खबर मिली थी। खबर मिलने के बाद मयूर विहार थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। हत्या का मामला दर्ज कर इंस्पेक्टर मौसम गनी ने मामले की छानबीन शुरू की।
इस बीच टेक्निकल सर्विलांस और लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने दो आरोपियों अनुज व पवन को दबोच लिया। दोनों से पूछताछ के बाद तीन और आरोपी अभिनव, संदीप व मुकेश को भी दबोच लिया गया। पूछताछ के दौरान इन्होंने बताया कि ठंडा पानी के आतंक से बहुत परेशान होकर इन लोगों ने उसकी हत्या की है। वह अपनी बदमाशी के बल पर क्षेत्र के लड़कों की पिटाई करने का और चप्पल-जूते चटवाने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था। ठंडा पानी के खिलाफ 21 आपराधिक मामले दर्ज थे। घटना वाले दिन भी उसने गाली-गलौज का वीडियो पोस्ट किया था। आरोपियों ने अगवा कर उसकी हत्या कर दी और बाद में एक रिक्शा चालक को 500 रुपये देकर उसे एलबीएस पहुंचाने के लिए कहा था।