रैपिड रेल के पहले प्राथमिकता वाले खंड में एलिवेटेड सेगमेंट का निर्माण वसुंधरा कास्टिंग यार्ड में किया जा रहा है। रैपिड रेल की डिजाइन स्पीड को ध्यान में रखते हुए वायडक्ट का निर्माण किया जा रहा है। व्यस्ततम रूट होने के चलते एलिवेटेड ट्रैक पर गार्डन लॉन्चिंग के काम को बेहद सावधानी और सुरक्षा के साथ किया जा रहा है।
बीच चल रहा पिलर फाउंडेशन का काम
एलएंडटी कंपनी ने दुहाई से मेरठ के शताब्दीनगर के बीच 32 किलोमीटर लंबे दूसरे सेक्शन के काम को तेज गति के साथ शुरू कर दिया है। दुहाई से मोदीनगर के बीच सड़क चौड़ीकरण का काम लगभग पूरा हो चुका है। सेक्शन में पिलर फाउंडेशन का काम तेजी से किया जा रहा है।
स्टेशनों के पास होंगे जंक्शन, मिलेगी सहूलियत
रैपिड रेल के पहले प्राथमिकता वाले 17 किमी लंबे कॉरिडोर में यात्रियों को स्टेशन से ही दिल्ली, नोएडा जाने के लिए जंक्शन की सुविधा उपलब्ध होगी। पहले सेक्शन में साहिबाबाद रैपिड स्टेशन को मेट्रो फेज-तीन के वैशाली से मोहननगर वाले सेक्शन से पैदल पार पथ से जोड़ा जाएगा। इससे वैशाली मेट्रो स्टेशन से नोएडा व दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में जाने की सुविधा मिलेगी। मेरठ तिराहे पर रैपिड रेल के स्टेशन को मेट्रो के शहीद स्थल स्टेशन से जोड़ा जाएगा। इससे मेट्रो की रेडलाइन के जरिए दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा।
सात फुट ओवरब्रिज देंगे राहत
एनसीआरटीसी की ओर से गाजियाबाद के सेक्शन में छह और मेरठ के मोहिउद्दीनपुर में एक फुट ओवरब्रिज बनाए जा रहे हैं। गाजियाबाद में सिहानी चुंगी, आर्डिनेंस फैक्टरी मुरादनगर, रेलवे रोड मुरादनगर, रेलवे स्टेशन रोड मोदीनगर, मोदीनगर बस स्टैंड और हापुड़ रोड पर मोदीनगर राजचौपला पर फुट ओवरब्रिज बनेंगे।