ग्रेटर नोएडा में जन्मदिन पार्टी के दौरान साले के पिस्टल से अचानक गोली चलने से जीजा की मौत हो गई। पलक झपकते ही खुशियों का माहौल गम में बदल गया। दनकौर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि दनकौर कोतवाली क्षेत्र के ननुआ का राजपुर गांव निवासी मोहित नागर की ससुराल राजपुर कला में है। सोमवार शाम मोहित के साले के बेटे की बर्थडे पार्टी चल रही थी।
पार्टी में फायर करने के लिए साला अपनी पिस्टल मोहित को दिखा रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चल गई। गोली मोहित के सीने में लग गई। ग्रामीणों ने तुरंत उसे ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर दनकौर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने अभी कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले की रिपोर्ट पुलिस द्वारा दर्ज की जाएगी। पिस्टल के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है।
सबक नहीं ले रहे लोग
गौतमबुद्ध नगर में इस तरह की घटनाओं में कई जानें जा चुकी हैं। प्रशासन और पुलिस ने शादी समारोह में फायरिंग करने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया हुआ है। इसके बाद भी ये सिलसिला रुक नहीं पा रहा है। हर्ष फायर के दौरान नोएडा के फेज -टू इलाके में फूफा द्वारा चलाई गोली से दूल्हे की मौत हो गई थी।
मामले में दोषी फूफा को गत सप्ताह न्यायालय ने पांच साल के कारावास की सजा सुनाई थी। दस साल पहले दादरी के मिहिर भोज इंटर कॉलेज में सपा नेता की बेटी की शादी समारोह में स्टेज पर फायरिंग के दौरान दूल्हे की मौत हो गई थी। जेवर में भी जन्मदिन समारोह में फायरिंग करने के दौरान गोली लगने से युवक की मौत हुई थी।