एनएच-24 पर मसूरी स्थित आईएमएस कॉलेज के गेट पर शुक्रवार को छात्रों के दो गुटों के बीच पार्किंग के विवाद में गोलियां चल गईं। कॉलेज में फिल्म ‘21 तोपों की सलामी’ के प्रमोशन के लिए आए अनुपम खेर और साथी कलाकार पहुंचे थे। इस दौरान काफी भीड़ थी।
चश्मदीदों का कहना है कि अंदर कार्यक्रम चल रहा था जबकि बाहर पार्किंग को लेकर छात्र भिड़ गए। हवाई फायरिंग होते ही वहां भगदड़ मच गई। इसके बाद अनुपम खेर समेत पूरी स्टार कास्ट भी वहां से चली गई।
हालांकि प्रबंधन का कहना है कि गोलियां अनुपम खेर के जाने के आधा घंटा बाद चलीं। पुलिस ने छात्रों का पीछा किया तो वे एक कार छोड़कर भाग गए, जिस पर सपा का झंडा लगा है। मसूरी पुलिस मामले की जांच कर रही है। देर रात तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी।
कार पर लगा था सपा का झंडा
मसूरी पुलिस ने बताया कि आईएमएस यूसी कैंपस में पार्किंग में कार खड़ी करने को लेकर छात्रों के दो गुटों में पांच दिन से झगड़ा चल रहा है। ये छात्र बीबीए और बीसीए के हैं। एक गुट डासना का है और दूसरा बम्हैटा का। बृहस्पतिवार को दोनों गुटों में मारपीट हुई थी। कॉलेज प्रबंधन ने दोनों गुटों के 11 छात्रों को सस्पेंड कर दिया था।
शुक्रवार को आईएमएस यूसी कैंपस में फिल्म ‘21 तोपों की सलामी’ के प्रमोशन के लिए बॉलीवुड कलाकार अनुपम खेर, अभिनेत्री अदिति शर्मा और डायरेक्टर रविंद्र गौतम आए थे। शाम करीब पौने चार बजे वे प्रमोशन कर कालेज से निकले। इस दौरान उन्हें सीऑफ करने के लिए गेट पर स्टूडेंट्स और टीचर्स खड़े थे।
सिक्योरिटी के तहत मसूरी पुलिस भी वहां थी। कलाकारों के निकलते ही चार-पांच कार सवार 15-20 युवक वहां आए, उनमें कुछ एक गुट के छात्र भी बताए जा रहे हैं। उन्होंने आते ही कई राउंड हवाई फायरिंग की। इससे भगदड़ मच गई। पुलिस कार सवारों को पकड़ने दौड़ी तो वे भाग खड़े हुए। उनकी एक कार वहीं छूट गई, जिस पर सपा का झंडा लगा है।
चश्मदीद बोले-कार्यक्रम के दौरान ही चलीं गोलियां
मौके पर मौजूद कुछ छात्रों ने बताया कि स्टारकास्ट कॉलेज में प्रमोशन के लिए छात्रों से रूबरू थी। उसी दौरान बाहर पार्किंग विवाद में छात्रों में गोलियां चल गईं। बाहर गोलियां चलते ही हड़कंप मच गया। आनन-फानन में फिल्मी सितारों को वहां से निकालकर रवाना किया गया।
एसएचओ मसूरी वीरेंद्र यादव ने कहा कि फिल्म कलाकारों के जाने के बाद एक राउंड फायर किया गया है। हमलावरों की कार को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। किसी ने तहरीर नहीं दी है।
यूसी कैंपस के विजिलेंस ऑफिसर सुधीर चौधरी ने बताया कि आईएमएस पार्किंग को लेकर हुए झगड़े में 11 छात्र सस्पेंड कर दिए गए थे। शुक्रवार को भी छात्रों के बीच कॉलेज कैंपस के बाहर हाथापाई हुई। घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। फायरिंग अनुपम खेर और उनकी टीम के जाने के आधे घंटे बाद हुई।