हेलमेट पहने बाइक सवार बदमाशों ने की वारदात, पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगालने के लिए कई टीमें गठित
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दिल्ली के बवाना थाना इलाके के पूठ खुर्द में सोमवार शाम फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, घटना 19 अक्तूबर को शाम करीब चार बजे की है। सूचना मिलते ही बवाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हेलमेट पहने बाइक सवार दो बदमाशों ने मौके पर पहुंचकर फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस को घटनास्थल पर खड़े एक वाहन और पास स्थित गोदाम के गेट पर गोली के निशान मिले हैं।
स्थानीय स्तर पर यह बात सामने आई है कि फायरिंग टाइल्स कारोबारी को कथित तौर पर रंगदारी के लिए डराने के मकसद से की गई। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक फायरिंग के पीछे रंगदारी की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
बाहरी उत्तरी पुलिस उपायुक्त डी शोभित सक्सेना ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर बदमाशों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।