नोएडा के सेक्टर-63, 64 की दो कंपनियों और सेक्टर-10 की एक झुग्गी में आग लग गई। सूचना के बाद मौके पर दमकल की गाड़ियों ने पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद तीनों स्थानों पर आग बुझाई।
डी-88, सेक्टर-63 की न्यू क्राफ्ट इंपैक्ट कंपनी में लकड़ी के आइटम तैयार किए जाते हैं। बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे कंपनी की छत पर रखे माल में किन्हीं कारणों से आग पकड़ ली।
मौके पर मौजूद लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। जब तक दमकल कर्मी पहुंच पाते तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। इसके चलते दमकल की करीब नौ गाड़ियों को आग बुझाने के लिए तीन घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।
दूसरी घटना बृहस्पतिवार को ए-34, सेक्टर-64 स्थित मार्डन फुटवियर डिजाइनर कंपनी में हुई। दोपहर करीब 12:45 पर कंपनी की पहली मंजिल में डिजाइनर रूम में आग लग गई।
यहां मौजूद प्रबंधन ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। यहां भी करीब आठ गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके अलावा तीसरी घटना सेक्टर-10 की झुग्गी में हुई।
यहां जितेंद्र की झुग्गी में दोपहर एक बजे आग लग गई। सूचना पर दमकल की एक गाड़ी ने आग पर काबू पाया।