दिल्ली के मोतीनगर इलाके की शिव बस्ती में एलपीजी रिसाव के बाद झुग्गी में जोरदार धमाके के साथ आग लग गई। हादसे में पांच लोग बुरी तरह झुलस गए। दमकलकर्मियों ने किसी तरह आग बुझाई।
पीसीआर और कैट्स एंबुलेंस की मदद से झुलसे लोगों को आचार्य भिक्षु अस्पताल पहुंचाया, जहां से 3 को सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आया कि हादसा छोटे सिलिंडर में अवैध रूप से गैस डालने के दौरान हुआ।
रिसाव के बाद आग लगने से छोटा सिलेंडर फट गया। वहीं, कुछ लोग सिलिंडर में गैस डालने की बात से इंकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि चाय बनाने के दौरान सिलिंडर फटा। मोतीनगर थाना पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा कीर्ति नगर मेट्रो स्टेशन के पास रेलवे लाइन के किनारे बसी शिव बस्ती की झुग्गी में हुआ। यहां मोहम्मद सादिक (25) परिवार के साथ रहता है। बुधवार सुबह 8.10 बजे वह सोकर उठा तो अचानक उसकी झुग्गी में जोरदार धमाके के बाद आग लग गई।