नोएडा के सेक्टर-11 में कपड़े के बैग बनाने वाली एक कंपनी में आग लगने से कर्मचारी की मौत हो गई जबकि अन्य तीन बुरी तरह झुलस गए। इसके अलावा आग बुझाने में एफएसओ भी घायल हो गए।
सेक्टर-11 के एफ ब्लॉक में बैग बनाने की एक कंपनी है। कंपनी की दूसरी मंजिल पर बने स्टोर रूम के पास कर्मचारी थिनर से कपड़े साफ कर रहे थे।
जबकि कमरे में बॉयलर रखा हुआ था। उसमें शार्ट सर्किट हो गया और आग लग गई। आग ने चंद मिनटों में विकराल रूप ले लिया।
लोगों ने आनन-फानन में कमरे में फंसे कर्मचारी समस्तीपुर बिहार निवासी मुरारी (22), सकरौली एटा निवासी चरण सिंह, संगम पार्क खोड़ा कॉलोनी निवासी अरुण कुमार झा और गौरांग को निकालने का प्रयास किया।
आग की सूचना पाकर फायरब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं। हरौला फायर स्टेशन के प्रभारी सुनील कुमार यादव, लीडिंग फायरमैन रमेश चंद्र, फायर मैन शिव सिंह और गंभीर सिंह ने चारो को बाहर निकाला और उपचार के लिए मेट्रो अस्पताल भेजा।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मुरारी नाम के कर्मचारी को मृत घोषित कर दिया। जबकि तीन कर्मचारियों को उपचार के लिए भर्ती कर लिया। इसके अलावा बचाव कार्य में फायर अफसर सुशील कुमार यादव भी झुलस गए।
हादसे की सूचना पाकर कर्मचारियों के परिजन मौके पर पहुंच गए और कंपनी अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कंपनी में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।
हरौला फायर स्टेशन प्रभारी सुशील कुमार यादव ने कहा कि आग बुझाने में पांच गाड़ियों का इस्तेमाल हुआ है और पांच घंटे में पूरी आग काबू में आ सकी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।