नई दिल्ली के साउथ कैंपस थाना इलाके में शुक्रवार सुबह उस समय बड़ा हादसा होने से बच गया जब एक चलती शेवर्ले क्रूज कार में आग लग गई और चालक उसमें फंस गया। पुलिस व लोगों ने कार की खिड़की व शीशे को तोड़कर चालक को बाहर निकाला था। चालक की हालत ठीक बताई जा रही है। आग से कार पूरी तरह जल गई।
रामसंजीवन (39) कापसहेड़ा निवासी व्यवसायी अनिल गुप्ता का ड्राइवर है। वह शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे अनिल गुप्ता की पत्नी को लेने शेवर्ले क्रूज कार से कापसहेड़ा से सरोजनी नगर जा रहा था। जब वह रावतुला राव मार्ग पर पहुंचा तो बगल में चल रही कार के चालक ने रामसंजीवन को कार में आग लगने के बारे में बताया। राम संजीवन ने साइड में कार रोक दी और मगर कार का सेंट्रल लॉकिंग सिस्टम जाम हो गया था।
इससे रामसंजीवन कार से बाहर नहीं निकल सका। कुछ ही देर में बाइक पर पेट्रोलिंग करते हुए पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। राहगीरों की सहायता से पुलिसकर्मियों ने कार की खिड़की व शीशे को तोड़ा और चालक राम संजीवन को कार से खींचकर बाहर निकाला। मौके पर फायरब्रिगेड के दो टेंडर पहुंच गए और आग पर काबू पाया।