गुड़गांव में सेक्टर 14 के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित मारुति के अप्रा आटो वर्कशॉप में शार्ट सर्किट के चलते स्पेयर पार्ट की गोदाम में आग लग गई। देखते ही देखते आग इस कदर फैल गई कि उसे बुझाने में फायर ब्रिगेड की टीम को तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
अप्रा वर्कशॉप में सुबह सवा दस बजे के लगभग सार्ट सर्किट से तीसरे फ्लोर पर स्पेयर पार्ट की गोदाम में आग लग गई। कंपनी प्रबंधन के सुरक्षा गार्डो की ओर से उसे काबू करने का प्रयास किया गया। काबू होता न देख फायर विभाग को सूचना दी।
फायर विभाग के चारो स्टेशन, वायुसेना और डीएलएफ की ओर से लगभग 26 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची। जिन्होंने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। फायर अधिकारी आईएस कश्यप के अनुसार स्पेयर पार्ट की गोदाम व आधा दर्जन के लगभग बनने के लिए आए वाहन क्षति ग्रस्त हो गए।
दमकल कार्मियों ने ग्राउंड फ्लोर व चौथी मंजिल को पूरी तरह से बचा लिया। बनने के लिए आई अन्य कारों को भी बचा लिया गया। आग के दौरान हुए नुकसान का आकलन कंपनी की ओर से किया जा रहा है।
कंपनी महाप्रबंधक प्रशासनिक सुरक्षा प्रदीप भारद्वाज का कहना है कि फायर विभाग की मुस्तैदी के चलते आग पर जल्दी काबू पाया गया। वर्कशॉप में मरम्मत के लिए आए वाहनों का काम जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
आस-पास के लोगों में दहशत
जिस स्थान पर आग लगी थी उसके ठीक बगल में बीएमडब्ल्यू की वर्कशाप है। इसके साथ ही पूरा इलाका औद्योगिक होने के कारण लोगों में आग को लेकर हड़कंप रहा। शुरुआती दौर में जिस तरह से आग फैल रही थी उसे देख कर लोगों में इस बात का डर सता रहा था कि आग कहीं उनकी ओर न बढ़ जाय।
स्टाफ की हो गई थी छुट्टी
आग लगने की घटना के पूरे स्टाफ को भेज दिया गया था। कंपनी में केवल सुरक्षा गार्ड रहे। शाम तक चारों पानी व अन्य सामान बिखरा हुआ। जिसे ठीक किया जा रहा है।
वर्कशॉप में आए वाहनों को ठीक करने में हो सकती है देरी
वर्तमान समय में 50 से 60 कार मरम्मत के लिए वर्कशाप में खड़ी हैं। जिनको ठीक करने के लिए स्पेयर पार्ट की आवश्यकता होगी। ऐसे में उनकी जांच कर वाहन मालिकों को हादसे की जानकारी दी जाएगी। और होने वाली देरी के लिए समय मांगा जाएगा। कंपनी प्रबंधन के लोगों का कहना है कि प्रयास यह रहेगा कि उनके ग्राहकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।