ग्रेटर नोएडा में एक कॉस्मेटिक फैक्टरी में भीषण आग लग गई। फैक्टरी में मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 थाना क्षेत्र में स्थित एक कॉस्मेटिक फैक्टरी में शुक्रवार दोपहर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि इसकी लपटें दूर से ही दिखाई देने लगीं। फैक्टरी में मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
फैक्टरी में ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई है और राहत कार्य में सहयोग कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्टरी में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग आग पर नियंत्रण पाने की पूरी कोशिश कर रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फैक्टरी प्रबंधन से आग लगने की संभावित वजहों के बारे में पूछताछ की जा रही है।