- दमकल कर्मियों ने धुआं के बीच बचाई मासूमों समेत चार की जान
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के यमुना विहार स्थित मोहनपुरी इलाके में शुक्रवार दोपहर चार मंजिला रिहायशी मकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों और धुएं के बीच एक ही परिवार के चार सदस्य घर में फंस गए, जिन्हें दमकल कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दमकल विभाग के अनुसार, शाम करीब 3:50 बजे गली नंबर-10 स्थित मकान में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची दो दमकल गाड़ियों ने राहत व बचाव कार्य शुरू किया। आग पहली मंजिल पर रखे घरेलू सामान में लगी थी और देखते ही देखते पूरे मकान में धुआं भर गया। कड़ी मशक्कत के बाद सलमान(24), उनकी पत्नी जाजिना, तीन वर्षीय बेटी हिबजा और दो वर्षीय बेटा हनीमजा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाकर आगे की जांच शुरू कर दी है। संवाद