आया नगर में लकड़ी के गोदाम में आग लग गई है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार दमकल की छह गाड़ियां मौके पर हैं।
कुछ समय बाद आग पर काबू पा लिया गया है। फिलहाल इस घटना में किसी हानि की सूचना नहीं है।
आपको बता दें कि कुछ ही दिन पहले दिल्ली के लॉरेंस रोड स्थित जूते-चप्पल बनाने की एक फैक्टरी में सुबह आग लग गई थी। इससे पहले मायापुरी इलाके की एक जूता फैक्टरी में आग लग गई थी।तब दमकल की 20 गाड़ियां बुलाई गई थीं। पिछले महीने यानी दिसंबर में अनाज मंडी इलाके में एक अवैध कारखाने में भीषण आग लगी थी जिसमें 45 लोगों की मौत हो गई और बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए थे।
मालूम हो कि राजधानी दिल्ली के कई पॉश इलाकों में अवैध रूप से छोटी-छोटी फैक्टरियां चल रही हैं। इनपर अबतक अंकुश नहीं लगाया गया है। एक-एक कमरे में चलने वाली इन फैक्टरियों में काम करने वाले लोग दिन भर काम करके रात को यहीं सो जाया करते हैं। ऐसे में उनकी जान पर दिन रात खतरा मंडराता रहता है।
आए दिन इन फैक्टरियों में किसी न किसी कारण से आग लगने की सूचना मिलती है। आसपास के मकानों और इमारतों के लिए भी यह फैक्टरी खतरा बनकर खड़ी रहती हैं। इसके बावजूद अबतक इन फैक्टरियों के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
महीने की शुरुआत में ही राष्ट्रीय राजधानी के पटपड़गंज औद्योगिक इलाके में एक प्रिंटिंग प्रेस में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। दिल्ली में आगजनी की बीते कुछ महीनों में बड़ी घटनाएं हुई हैं और जिनमें लोग हताहत हुए हैं उनकी जांच चल रही है लेकिन इसके बाद भी सघन इलाकों में लोगों की सुरक्षा को लेकर कोई कड़े कदम नहीं उठाए गए हैं।