-गांधी नगर की नेहरू गली में सुबह 8:56 बजे मिली आग लगने की सूचना, करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
-शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, हादसे में कोई हताहत नहीं, पुलिस कर रही मामले की छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। शाहदरा जिले के गांधी नगर इलाके में सोमवार सुबह रेडीमेड कपड़ों की दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। बाद में किसी तरह दमकलकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। शुरुआती जांच के बाद शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आग की वजहों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के डीओ राजेंद्र अटवाल ने बताया कि सुबह करीब 8:56 बजे गांधी नगर की नेहरू गली स्थित एक फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। खबर मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। वहां पहुंचने पर पता चला कि इमारत के भूतल पर स्थित रेडीमेड कपड़ों की दुकान में आग लगी हुई थी। शुरुआत में दमकल की आठ गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। स्थिति को देखते हुए चार और दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। दमकल विभाग की टीम ने लगातार प्रयास कर सुबह करीब 10:20 बजे आग पूरी तरह बुझा दी। पुलिस की शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है।