दरअसल, दादरी कोतवाली क्षेत्र स्थित एक सोसाइटी में निवासी छात्रा के साथ करीब चार माह पहले घर से कोचिंग जाने के दौरान आकाश और उसके तीन साथियों ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसके साथ हाथापाई करते हुए फोटो और वीडियो भी बनाए। इस पर छात्रा की मां ने युवकों से फब्तियां कसने का विरोध किया तो आरोपियों ने मां-बेटी को मौत के घाट उतारने की धमकी दे डाली। आरोपियों ने दुस्साहस करते हुए पीड़िता के घर में घुसकर छात्रा और उसकी मां के साथ लात-घूसों से पिटाई की। साथ ही घर में आग लगाने की नीयत से पटाखे की पूरी लड़ी ही जला कर डाल दी।
हालांकि इससे घर तो नहीं जला पर मां-बेटी जरूर झुलस गईं। घटना की शिकायत लेकर पीड़िता अपनी मां के साथ 13 नवंबर 2023 को दादरी कोतवाली में पहुंची, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। उसी दिन शाम को एक गांव स्थित शिव मंदिर पर पूजा करके वापस लौटने के दौरान आरोपी आकाश समेत चारों दोस्तों ने गाड़ी में उसका अपहरण कर लिया। सभी ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया, लेकिन शोर मचाया तो उस दौरान तक आरोपियों ने पीड़िता के कपड़े फाड़ दिए थे।
मगर पीड़िता के विरोध के चलते अपने मंसूबे को अंजाम नहीं दे पाए और पीड़िता के शोर मचाने पर चलती कार से उसे फेंककर फरार हो गए। इसके बाद पीड़िता ने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया और अब जाकर आकाश समेत चार के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा था और उसकी जांच की जा रही थी। अब अदालत के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।