-मॉडल टाउन थाना इलाके की घटना, एमसीडी के पशु विभाग की शिकायत पर किया गया मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
मॉडल टाउन थाना पुलिस ने अवैध रूप से डेयरी चलाने और अपने मवेशियों को सड़कों, पार्कों और गलियों में खुला छोड़ने वाले डेयरी मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई नगर निगम दिल्ली के पशु विभाग केशव पुरम जोन की शिकायत पर की। आरोपी डेयरी मालिक की पहचान दीपु के रूप में हुई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पशु विभाग के उप निदेशक डॉक्टर रविश के कसाना ने मॉडल टाउन थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई। इसमें आरोप लगाया कि राजपुरा गुरमंडी निवासी दीपु लंबे समय से अवैध डेयरी चला रहा है। वह दिल्ली हाईकोर्ट के आदेशों की अवहेलना कर रहा और अपने मवेशियों को सड़कों, पार्कों और गलियों में खुला छोड़ देता है। क्षेत्र में घूमने वाले मवेशियों से गंदगी फैल रही है। साथ ही यातायात बाधित हो रहा है और लोगों की जान-माल को खतरा पैदा हो रहा था। शिकायत में आरोपी पर पशुओं को पर्याप्त चारा, पानी और आश्रय न देने का आरोप भी लगाया है, जिसे पशु क्रूरता की श्रेणी में बताया गया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया कि दिल्ली हाईकोर्ट ने कॉमन कॉज सोसायटी बनाम यूनियन ऑफ इंडिया एवं अन्य मामलों में शहरी क्षेत्रों से अवैध डेयरियों और आवारा पशुओं को हटाने के लिए नगर निगम और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त समन्वय समिति गठित करने के निर्देश दिए थे। एमसीडी अधिकारियों के अनुसार विभाग की ओर से लगातार पशु पकड़ने के अभियान चलाए जा रहे थे और अवैध डेयरी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही थी, इसके बावजूद आरोपी अपनी गतिविधियां बंद नहीं कर रहा था। शिकायत पर मॉडल टाउन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।