नीट-यूजी 2023 परीक्षा में एक मेडिकल छात्र की ओर से दूसरे उम्मीदवार की जगह परीक्षा देने और उसे एमबीबीएस कोर्स में दाखिला दिलाने के मामले में सीबीआई ने दो छात्रों के खिलाफ एफआईआईआर दर्ज की है।
सिनेमा से प्रेरित होकर असल जिंदगी में धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। नीट-यूजी 2023 परीक्षा में एक मेडिकल छात्र की ओर से दूसरे उम्मीदवार की जगह परीक्षा देने और उसे एमबीबीएस कोर्स में दाखिला दिलाने के मामले में सीबीआई ने दो छात्रों के खिलाफ एफआईआईआर दर्ज की है। यह मामला बॉलीवुड फिल्म मुन्नाभाई एमबीबीएस की कहानी से प्रेरित है।
विज्ञापन
अधिकारियों के अनुसार, राजस्थान के जालौर निवासी विकास ने 7 मई 2023 को दिल्ली के द्वारका स्थित केंद्रीय विद्यालय, सेक्टर-12 में जोधपुर के प्रवीण गोदारा की जगह नीट-यूजी परीक्षा दी थी। गोदारा को इसके बाद उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित सरकारी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में एमबीबीएस की सीट मिल गई। विकास सिरोही उस समय डॉ. भीम राव आंबेडकर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष का छात्र था।
अधिकारियों ने बताया कि उसने गोदारा के हस्ताक्षर और लिखावट की नकल करते हुए परीक्षा दी थी। एक अधिकारी ने कहा, यह पुष्टि हो चुकी है कि दोनों छात्र वर्तमान में अपने-अपने मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं।सीबीआई ने आईपीसी की धारा 120-बी (आपराधिक साजिश), 419 (प्रतिरूपण के जरिये धोखाधड़ी) और 467 (जालसाजी) के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही बीएनएस की संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं।