अगले महीने तक बदरपुर-वाईएमसीए कोरिडोर के मेट्रो स्टेशनों का नाम एनसीआर के शहरों के साथ जुड़ जाएगा। फरीदाबाद में कौन-कौन से मेट्रो स्टेशन होंगे, इसकी ऑडियो विजुअल एनसीआर के अन्य शहरों के मेट्रो स्टेशनों में दिखाई देने लगेगी।
मेट्रो प्रशासन ने फरीदाबाद प्रोजेक्ट के तहत बन रहे मेट्रो स्टेशनों के नाम फाइनल करने का काम शुरू कर दिया है। डीएमआरसी की ओर से इस मामले पर अंतिम फैसला अगले माह लिया जाना है। उसके बाद मेट्रो ट्रेनों में लगने वाले रूट मैप तैयार किए जाएंगे। फरीदाबाद मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत शहर में 9 स्टेशन बनाए जा रहे हैं।
जिसमें सराय ख्वाजा, एनएचपीसी, मेवला महाराजपुर, सेक्टर-27 ए, बड़खल, ओल्ड फरीदाबाद, अजरौंदा, न्यू टाउन और वाईएमसीए नाम दिए गए हैं। लेकिन प्रोजेक्ट की नोडल एजेंसी हुडा के पास पिछले साल स्टेशनों के नाम बदलने के लिए काफी आपत्तियां आई थीं, जिसके तहत कुछ स्टेशनों के नाम बदले जा रहे हैं।
यह हैं प्रमुख आपत्तियां........
-सेक्टर-27 ए मेट्रो स्टेशन का नाम बदल कर सेक्टर-28 करने की मांग लोगों की ओर से की गई है। शुरुआत में मेट्रो कॉरिडोर हाइवे के दायीं ओर बनाया जाना था, इसलिए डीपीआर में स्टेशन का नाम सेक्टर-27 ए रखा गया, क्योंकि सेक्टर-27 ए हाइवे के दायीं ओर है। बाद में कॉरिडोर का अलाइनमेंट बदल दिया गया और ट्रैक हाइवे के बायीं ओर आ गया। इस ओर सेक्टर-28 है। लेकिन मेट्रो स्टेशन का नाम अभी भी सेक्टर-27 ए है। जिसको लेकर लोगों ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई है।
-अजरौंदा मेट्रो स्टेशनों के साथ नीलम नाम जोड़ने की मांग लोगों की ओर से की गई है। क्योंकि नीलम चौक का नाम अजरौंदा से अधिक प्रसिद्ध है।
-न्यू टाउन स्टेशन के नाम के साथ बाटा जोड़ने की मांग है। न्यू टाउन से अधिक बाटा चौक मशहूर है। इसका नाम बाटा कंपनी के नाम पर पड़ा है।
-गांव मुजेसर के लोगों ने वाईएमसीए मेट्रो स्टेशन के साथ मुजेसर गांव का नाम जोड़ने की मांग कर रखी है। जिस जगह पर वाईएमसीए मेट्रो स्टेशन बन रहा है वह जमीन गांव मुजेसर की राजस्व संपदा में आती है।
फरीदाबाद की हुडा प्रशासक सुप्रभा दहिया ने कहा, स्टेशनों के नामों के संबंध में डीएमआरसी द्वारा इसी महीने फैसला लिया जाना है। इसके लिए हमारे पास जो आपत्तियां आई थीं, उन्हें हमने डीएमआरसी को सौंप दिया है।
डीएमआरसी के प्रवक्ता ने बताया कि फरीदाबाद में वाईएमसीए तक चलने वाली मेट्रो में लगने वाले रूट मैप जल्द तैयार हो जाएंगे। जिनमें फरीदाबाद के सभी स्टेशनों के फाइनल नाम लिखे जाएंगे। इसके अलावा स्टेशनों पर उनके नाम से संबंधित साइन बोर्ड भी लगाए जाने हैं। स्टेशनों के नामों से संबंधित और भी जरुरी काम किए जाने हैं।