आम आदमी पार्टी (आप) ने अटकलों पर विराम लगाते हुए अपने संयोजक अरविंद केजरीवाल को एक बार फिर नई दिल्ली विधान सभा सीट से उतारा है। वहीं, सीमापुरी से अपने पूर्व विधायक का टिकट काट लिया। जबकि पिछले हफ्ते ‘आप’ में शामिल होने वाले दो नेताओं को भी मैदान में उतारा है। बुधवार को ‘आप’ ने पांचवीं सूची जारी कर आठ उम्मीदवारों के नाम घोषित किए।
इस सूची में सबसे बड़ा नाम दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री व ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल का है। दूसरी तरफ पार्टी ने अपनी दिवगंत नेता संतोष के भाई व सीमापुरी से पूर्व विधायक धर्मेंद्र कोली का टिकट काट कर राजेंद्र गौतम पर दांव लगाया है।
इस बारे में पार्टी अपने आंतरिक सर्वे का हवाला दे रही है। वहीं, दिल्ली विधान सभा के पूर्र्व उपाध्यक्ष व पिछले दिनों पार्टी में शामिल होने वाले फतेह सिंह को ‘आप’ ने गोकुलपुरी से उम्मीदवार बनाया है। जबकि नरेश बालयान उत्तम नगर से प्रत्याशी होंगे। वह फिलहाल नवादा से पार्षद हैं।