देश में कोरोना वायरस के संक्रमित मरीज लगातार सामने आ रहे हैं। वहीं राजधानी में भी अब मरीजों की संख्या बढ़कर पांच तक पहुंच चुकी है। बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने पुणे स्थित प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलने के बाद दिल्ली में पांचवें संक्रमित मरीज की पुष्टि की है। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जनकपुरी निवासी 46 वर्षीय मरीज में एम्स और पुणे दोनों ही रिपोर्ट में पॉजिटिव कोरोना वायरस मिला है। ये मरीज हाल ही में जापान और इटली से लौटा है।
नई दिल्ली स्थित आरएमएल अस्पताल में भर्ती मरीज को रिपोर्ट आने के बाद सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया है। मरीज के परिवार में माता समेत 9 सदस्यों को पृथक कर दिया है। साथ में ऐहतियात के तौर पर आसपास के 50 लोगों को घर में रहने और किसी से न मिलने की सलाह दी गई है।
गौरतलब है कि दिल्ली में पहला मरीज पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार में मिला था। इसके बाद जनकपुरी के दो और उत्तम नगर का एक निवासी कोरोना पॉजिटिव मिला। अब जनकपुरी के ही तीसरे निवासी को संक्रमण हुआ है। विभाग के अनुसार, रिपोर्ट मिलने के बाद मरीज के घर और आसपास के क्षेत्र की जांच शुरू कर दी है। जनकपुरी में ही पेटीएम कर्मचारी रहता है, जिसकी पत्नी और उसे कोरोना संक्रमित पाया गया।