सोहना चौक बुधवार रात को ट्रैफिक सिग्नल पर अज्ञात हमलावर ने बीएमडब्ल्यू कार सवार डीलर को गोली मार दी। जख्मी हालात में डीलर खुद कार चलाकर सेक्टर-51 स्थित निजी अस्पताल पहुंचा। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच जांच कर रही है। पुलिस हरीश बैकरी व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। सहायक पुलिस आयुक्त (शहर) राजेन्द्र सिंह ने बताया की अभी कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
पुलिस की मानें तो देर रात को निजी अस्पताल की ओर से शिवाजी नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। सोनीपत निवासी युवक अनिरुद्ध मलिक के हाथ में गोली लगी है और जख्मी हालत में वह खुद गाड़ी चलाकर कर अस्पताल पहुंचा। उसके दो दोस्त भी अस्पताल आए हैं।
पुलिस के मुताबिक हरीश बेकरी व रेस्तरां के किनारे ट्रैफिक सिग्नल होने पर एक बीएमडब्ल्यू कार रुकी। कार में अनिरुद्ध अकेला था और खुद ही कार चला रहा था। तभी ड्राइवर साइड की खिड़की पर एक युवक आया और पिस्तौल से गोली मार दी। जिस पर डीलर के हाथ में गोली लगी। इसके बाद वो खुद ही अस्पताल आ गया। घायल डीलर ने और रास्ते में अपने दो दोस्तों को फोन कर बुलाया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
सहायक पुलिस आयुक्त राजेन्द्र सिंह ने बताया की घायल युवक गाड़ियों को खरीदने-बेचने का काम करता है। जांच में सामने आया है की बीएमडब्ल्यू भी उसकी नहीं थी। वह किसी और से लेकर आया था। शुरुआती जांच में रुपयों के लेनदेन की बात सामने आ रही है। फिलहाल सभी कोणों से जांच की जा रही है।