जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में शुक्रवार से शुरू हो रहे फीफा यू-17 वर्ल्ड कप को लेकर यातायात पुलिस ने कमर कस ली है। मैच के दौरान सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए यातायात पुलिस ने कुछ मार्गों पर वाहन ले जाने पर पाबंदी लगा दी है और वैकल्पिक मार्ग से जाने की सलाह दी है।
यातायात पुलिस के संयुक्त आयुक्त गरिमा भटनागर ने बताया कि आगामी 6,9,12 और 16 अक्तूबर को भीष्म पीतामह मार्ग स्थित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में फुटबाल मैच खेले जाएंगे। दर्शकों और खिलाड़ियों की सुविधा के लिए स्टेडियम के आस पास कुछ मार्गों पर वाहन चलाने पर रोक रहेगी। दोपहर दो से रात ग्यारह बजे तक मार्ग पर वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
इन मार्गों पर रहेगी रोक
. भीष्म पितामह मार्ग (जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम लालबत्ती से कोटला लालबत्ती तक)
. जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम मार्ग (जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम लालबत्ती से डीएवीपी टी-प्वाइंट)
. सीजीओ रोड से सीजीओ कट प्रगति विहार हॉस्टल लालबत्ती तक
ये हैं डायवर्जन प्वाइंट
- फोटो : अमर उजाला
. एंड्यूज गंज इंटरसेक्शन भीष्म पितामह मार्ग पर कम वाहन और बस के प्रवेश पर पाबंदी रहेगी।
. कोटला रेड लाइट के पास से बिना पार्किंग लेबल किसी भी वाहन के प्रवेश पर रोक रहेगी।
. महर्षि रमन मार्ग पर वाहनों को आने की इजाजत नहीं होगी।
. मैक्समुलर मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
. दयाल सिंह कॉलेज रेड लाइट से बिना पार्किंग लेबल लगे वाहन को स्टेडियम की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
. महल चंद मार्केट से बिना पार्किंग लेबल स्टेडियम की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
. डीएवीपी टी प्वाइंट से बिना पार्किंग लेबल स्टेडियम जाने की अनुमति नहीं होगी।
. सीजीओ टी-प्वाइंट से बिना पार्किंग लेबल स्टेडियम जाने की अनुमति नहीं होगी।
उत्तर से दक्षिण जाने वाले इन मार्गों का करें प्रयोग
रिंगरोड-भैरव रोड-मथुरा रोड-नीला गुबंद-आश्रम-रिंग रोड से धौलाकुंआ, मथुरा रोड से बदरपुर जा सकेंगे। पूर्वी दिल्ली और नोएडा-डीएडी फ्लाई ओवर-रिंग रोड-आश्रम, पूर्वी दिल्ली और नोएडा-विकास मार्ग-आईटीओ-डीडीयू मार्ग-कनॉट प्लेस, आरएलएल अस्पताल से रिज रोड।
पार्किंग की व्यवस्था
स्टेडियम आने वाले वाहन चालक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम मेट्रो स्टेशन, जंगपुरा मेट्रो स्टेशन, जोरबाग मेट्रो स्टेशन पर वाहन पार्क कर सकेंगे। यातायात पुलिस ने लोगों से मेट्रो ट्रेन से स्टेडियम पहुंचने की सलाह दी है।