त्रिलोकपुरी इलाके में तीसरी मंजिल की बालकनी की ग्रिल से गिरकर मासूम बच्ची की मौत हो गई। मृतका की शिनाख्त निधि (3) के रूप में हुई है। हादसे के समय निधि की मां नीचे उतरकर सब्जी लेने आई थी, इसी दौरान मासूम नीचे गिर गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मासूम का शव परिजनों को सौंप दिया है। मयूर विहार थाना पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक निधि अपने परिवार के साथ 36/274, त्रिलोकपुरी में तीसरी मंजिल पर रहती थी। इसके परिवार में पिता राकेश कुमार, चाचा राजीव, मां और एक बड़ी बहन प्रीति है। सोमवार सुबह निधि तीसरी मंजिल पर खेल रही थी। उसकी बहन कमरे में बैठी हुई पढ़ रही थी। मां नीचे उतरकर सब्जी लेने लगी गई।
इस बीच निधि बालकनी की ग्रिल पर चढ़कर खेलने लगी। अचानक संतुलन बिगडने से वह नीचे गिर गई। परिजन उसे फौरन लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद निधि का शव परिजनों को सौंप दिया है। इधर मासूम की मौत के बाद परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है।