वसुंधरा। सेक्टर-13 स्थित महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल की पैरेंट्स एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि फीस वृद्धि की आंड़ में स्कूल प्रबंधन उनके बच्चों को प्रताड़ित कर रहा है।
बृहस्पतिवार सुबह स्कूल पहुंचे पैरेंट्स का आरोप था कि मसला हाईकोर्ट के विचाराधीन है। ऐसे में भी प्रबंधन अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहा है।
उधर, गाजियाबाद-ट्रांस हिंडन पैरेंट्स एसोसिएशन ने सोमवार तक इंतजार करने का फैसला लिया है। सोमवार को इस मसले पर हाईकोर्ट का फैसला आ रहा है।
अभिभावकों ने आरोप लगाया कि महाराजा अग्रसेन स्कूल में बच्चों को प्रताड़ित करने के मसले पर प्रबंधन से मिलना चाहते थे लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी।
एसोसिएशन के संयुक्त सचिव शरद तिवारी ने कहा कि इस संबंध में प्रिंसिपल को ई-मेल भी किया है। जिसमें ऐसा नहीं करने का बात कही गई है।
साथ ही प्रबंधन को चेतावनी दी है कि बच्चों को प्रताड़ित किया तो वे चाइल्ड प्रोटेक्शन एक्ट के तहत कार्रवाई करने के लिए मजबूर होंगे।
महाराजा अग्रसेन की पैरेंट एसोसिएशन ने मामले से गाजियाबाद-ट्रांस हिंडन पैरेंट्स एसोसिएशन को अवगत कराया है।
डीपीएसजी ने नहीं जारी की फी-बुक
पहले क्वार्टर की पुरानी फीस जमा करने वाले डीपीएसजी मेरठ रोड के अभिभावकों की नए क्वार्टर की फीस ने परेशानी बढ़ा दी है। प्रबंधन ने अभी तक नई फी-बुक जारी नहीं की है।
दूसरी ओर प्रबंधन अब 65 फीसदी अभिभावकों के नई फीस जमा कराने और कुछ अभिभावकों पर स्कूल का माहौल खराब करने का आरोप लगा रहा है। पुरानी फीस जमा करें या फिर नई फीस, अभिभावकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
डीएम व जीडीए वीसी से करेंगे कार्रवाई की मांग
शिक्षा बचाओ अभियान के संयोजक सत्यपाल चौधरी ने बताया कि शहर की अधिकांश संस्थाएं एनओसी, भू-उपयोग व अन्य शर्तों का उल्लंघन कर रही है। जीडीए ने नेहरूनगर थर्ड बी में एक स्कूल को आवासीय परिसर में चलाया जाना स्वीकार किया है।
वहीं, एनओसी की शर्तों के तहत ही स्कूलों को तमाम छूट हासिल हैं। वे जीडीए और डीआईओएस के आदेश पर डीएम और वीसी से कार्रवाई की मांग करेंगे।