संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
आंबेडकर स्टेडियम में आयोजित पीएसपीबी विमेंस प्रीमियर लीग मैचडे 16 में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जहां सुदेवा दिल्ली एफसी और हॉप्स एफसी ने शानदार जीत दर्ज कर अपनी दावेदारी मजबूत की। पहले मुकाबले में सुदेवा दिल्ली एफसी ने दमदार खेल दिखाते हुए ईव्स एस.सी को 3-1 से हराया। मैच की शुरुआत से ही सुदेवा की टीम आक्रामक नजर आई और लगातार विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। टीम के तेज पासिंग मूव और शानदार फिनिशिंग ने मुकाबले का रुख जल्दी ही उनके पक्ष में कर दिया। ईव्स एस.सी ने वापसी की कोशिश की, लेकिन सुदेवा की मजबूत डिफेंस लाइन के सामने उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले। मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाली रिनसोचुइवोन शातसांग को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने मिडफील्ड में बेहतरीन नियंत्रण के साथ टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दिन के दूसरे मुकाबले में हॉप्स एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिग्नेचर एफसी को 4-1 से शिकस्त दी। हॉप्स एफसीने शुरुआत से ही तेज आक्रमण किए और पहले हाफ में बढ़त हासिल कर ली। टीम की ओर से बेहतरीन तालमेल और सटीक फिनिशिंग देखने को मिली। सिग्नेचर एफसी ने एक गोल कर मुकाबले में लौटने की कोशिश की, लेकिन हॉप्स एफसी ने लगातार दबाव बनाए रखते हुए दो और गोल दाग दिए। टीम की खिलाड़ी पूजा ने पूरे मैच में शानदार खेल दिखाया और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।