साइबर सिटी में एक व्यक्ति ने बाप-बेटी के रिश्ते को ही कलंकित कर दिया। दो साल से कलयुगी पिता मासूम के साथ हैवानियत का खेल खेल रहा था। मामले का खुलासा होने के बाद देर रात सिटी थाना पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता का मेडिकल कराने के बाद मजिस्ट्रेट के सामने बयान करा दिया गया। आरोपी को रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर जेल भेज दिया गया। मामला गुड़गांव के गांधीनगर का है।
मूलरूप से बिहार निवासी परिवार पिछले कई सालों से यहां पर रह रहा है। बीती रात पटौदी रोड थाना पुलिस में आई 14 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पिता शराबी है। दो साल पहले घर पर कोई नहीं होने का फायदा उठाते हुए उसके सगे पिता ने शराब के नशे में उसके साथ घिनौना काम किया।
धमकाता और गंदी गालियां देता
इसके बाद यह सिलसिला शुरू हो गया। जोर जबरदस्ती और डरा धमकाकर आरोपी उसे गंदी गालियां निकालता और घिनौनी वारदात को अंजाम देता। मां से बताने पर उसने जान से मारने की धमकी भी दी।
पिछले कुछ महीनों से आरोपी की हैवानियत बढ़ जाने के बाद वह पुलिस के पास पहुंची और अपनी आपबीती सुनाई। देर रात पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल टेस्ट कराने के बाद मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज करा दिया।
साथ ही आरोपी पिता मुन्ना को गिरफ्तार कर लिया। सिटी थाना प्रभारी सत्यवीर सिंह के अनुसार, आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास
ओल्ड सिटी की शीतला कॉलोनी में एक चार साल की मासूम के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। शराब के नशे में आरोपी बच्ची को बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।
हालांकि ऐन वक्त पर लोगों ने उसे देख लिया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। शाम को आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। रविवार शाम को शीतला कॉलोनी में कुछ युवक मिलकर शराब पी रहे थे। जहां पास में ही चार वर्षीय मासूम खेल रही थी।
पुलिस के मुताबिक शराब के नशे में आरोपी बच्ची को बहला-फुसलाकर को पास में ही सुनसान जगह पर ले गया और बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। आरोपी की पहचान सिरहौल गांव निवासी कृष्ण (25) के रूप में हुई है।
11 महीने की बच्ची को बेचने का प्रयास
फाजिलपुर गांव से 11 माह की बच्ची का अपहरण कर उसे बेचने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने शनिवार रात को दो आरोपियों को गुड़गांव रेलवे स्टेशन से धर दबोचा। बादशाहपुर थाना पुलिस मानव तस्करी के मामले में उनके नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।
अदालत ने आरोपियों को जेल भेज दिया है। दो दिन पहले फाजिलपुर गांव में रहने वाले मूलरूप से यूपी के झांसी निवासी गोतीराम की 11 माह की बच्ची संदिग्ध हालात में गायब हो गई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें मानव तस्करी का संदेह होने के बाद पुलिस ने बेहद संवेदनशील तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।
बादशाहपुर थाना पुलिस की टीम ने सूचना के आधार पर गुड़गांव रेलवे स्टेशन से आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक, उस वक्त आरोपी दिल्ली जाने की फिराक में थे। आरोपियों की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी 26 वर्षीय कृष्ण कुमार और मध्यप्रदेश के पन्ना निवासी 22 वर्षीय दीपक पटेल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों नशेड़ी हैं और बच्ची को बेचने के उद्देश्य से उसे गायब किया था।
शनिवार रात हुई दोनों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस कस्टडी में लेकर आरोपियों से पूछताछ की गई।हालांकि अभी तक उनके गिरोह के बारे में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल सका है। रविवार को पुलिस ने आरोपियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।