केंद्र सरकार के कृषि कानून के खिलाफ पिछले दो महीनों से दिल्ली की सीमाओं पर डटे किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाली। हालांकि उन्होंने कई जगहों पर पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को तोड़ दिया और दिल्ली के अंदर दाखिल हो गए। इस दौरान कुछ जगहों पर पुलिस और किसानों के बीच भिड़ंत भी हुई। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया। वहीं बवाल के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो ने एहतियातन आईटीओ सहित 15 स्टेशनों को बंद कर दिए थे। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की ओर से दी गई ताजा जानकारी के मुताबिक, मानसरोवर पार्क और झिलमिल चौक के द्वार खोल दिए गए हैं।
ग्रे लाइन पर सेवा बहाल, इन स्टेशनों पर भी प्रवेश की अनुमति दी
इससे पहले जानकारी दी गई थी कि दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने जानकारी दी है कि ग्रे लाइन पर सेवा बहाल कर दी गई है। इसके साथ ही समयपुर बदली, रोहिणी सेक्टर 18 19, हैदरपुर बदली मोड़, जहांगीरपुरी, आदर्श नगर, आजादपुर, मॉडल टाउन, जीटीबी नगर, विश्वविद्यालय, विधान सभा और सिविल लाइन्स इन सभी स्टेशन पर एक ही द्वार से प्रवेश और निकास की अनुमति दी गई है।
दिल्ली मेट्रो ने इन स्टेशनों पर बंद किए थे द्वार
रैली की वजह से जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन समेत दिलशाद गार्डन, आईटीओ, दिल्ली गेट, समयपुर बादली, रोहिणी सेक्टर 18/19, हैदरपुर बादली मोड़, जहांगीर पुरी, आदर्श नगर, आजादपुर, मॉडल टाउन, जीटीबी नगर, विश्वविद्यालय, विधानसभा, सिविल लाइंस, इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन और ग्रीन लाइन के सभी स्टेशन पर प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए हैं। यह जानकारी दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने दी है।