सोमवार को किसान अपनी मांगों को लेकर विधायक कार्यालय का घेराव करने पहुंचे थे। विधायक ने कहा कि इस मामले में आईआईडीसी ने कुछ नहीं किया तो मैं आपके धरना प्रदर्शन में शामिल हो जाऊंगा। उन्होंने इसके लिए 15 दिन का समय आईआईडीसी और उद्योग मंत्री को दिया।
इससे पहले भारतीय किसान परिषद के किसानों ने सोमवार को नोएडा के विधायक पंकज सिंह के सेक्टर-26 कार्यालय का घेराव किया। घेराव के दौरान विधायक ने किसानों की मांगों का संज्ञान लेते हुए औद्योगिक विकास आयुक्त को निशाने पर ले लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी को कड़े निर्देश दिए।
इससे पहले प्राधिकरण कार्यालय से विधायक कार्यालय तक किसानों के मार्च के दौरान कई स्थानों पर जाम लग गया। किसानों के धरने के 67वें दिन निकाले गए घेराव मार्च में बड़ी तादाद में बुजुर्ग, महिलाएं और युवा शामिल थे। इस दौरान पुलिस कमिश्नरेट के एडिशनल सी पी, डीसीपी व एसीपी आदि ने किसानों को रोकने का असफल प्रयास किया। किसानों ने पुलिस के लगाए बैरिकेड तोड़े और आगे बढ़ गए।
वहां पहुंचने पर किसान और पुलिस की काफी देर नोक झोंक होती रही। किसान नेता सुखबीर खलीफा ने कहा कि डेढ़ साल पहले धरने के दौरान विधायक उनके बीच आए थे। उन्होंने वादा करते हुए अनशन तुड़वाया था। लेकिन इसके बाद भी उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं।