फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Farmers Protest Live Updates: केंद्र हमारी 15 में से 12 मांगों पर सहमत, मतलब तीनों कृषि कानून सही नहीं: राकेश टिकैत

Thu, 10 Dec 2020 09:00 PM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

दिल्ली की सीमाओं पर बैठे किसानों का आंदोलन 15वें दिन भी जारी है। बुधवार को केंद्र सरकार ने जो 19 पन्नों के प्रस्ताव भेजे थे उन सभी प्रस्तावों को किसानों ने खारिज कर दिया है। कई दौर की केंद्र सरकार के साथ चली वार्ताओं के बेनतीजा रहने के बाद किसानों ने अपने आंदोलन को तेज करने का एलान भी बुधवार को किया। किसान संगठन आज केंद्र सरकार के साथ होने वाली वार्ता का बहिष्कार करेंगे। किसान तीनों कानूनों को रद्द करने से पहले अपना आंदोलन वापस लेने को तैयार नहीं हैं। वहीं कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार का पक्ष सामने रखा और किसानों से आंदोलन खत्म करने की अपील की। पढ़ें आज दिनभर के अपडेट्स...
विज्ञापन
किसान नेता राकेश टिकैत - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:46 PM, 10-Dec-2020

भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि यदि केंद्र हमारी 15 में से 12 मांगों पर सहमत हो रहा है, इसका मतलब है कि बिल सही नहीं हैं। इन कानूनों को रद्द कर देना चाहिए। हमने एमएसपी पर एक कानून की मांग की थी, लेकिन सरकार अध्यादेश के माध्यम से तीन बिल ले आए। हमारा विरोध शांतिपूर्वक जारी रहेगा। 

08:43 PM, 10-Dec-2020

कानून धक्के के साथ वहीं लागू किए जाते हैं जिन देशों में डिक्टेटरशिप का राज होता हैः सुखबीर सिंह बादल

कानून धक्के के साथ वहीं लागू किए जाते हैं जिन देशों में डिक्टेटरशिप का राज होता है। बड़ा अफसोस है कि केंद्र सरकार ने अब डिक्टेटरशिप का रास्ता अपनाना शुरू कर दिया है: अकाली नेता सुखबीर सिंह बादल

08:42 PM, 10-Dec-2020

हम केंद्र सरकार द्वारा काले कानून वापिस न लेने के फैसले की कड़ी निंदा करते हैंः सुखबीर सिंह बादल

हम केंद्र सरकार द्वारा काले कानून वापिस न लेने के फैसले की कड़ी निंदा करते हैं। आज केंद्र सरकार की प्रेस कॉन्फ्रेंस से एक बात स्पष्ट हो गई कि केंद्र सरकार ने देश के अन्नदाता के खिलाफ लड़ाई लड़ने का फैसला किया है: अकाली प्रमुख सुखबीर सिंह बादल

विज्ञापन
06:09 PM, 10-Dec-2020

हमारी चुनी हुई सरकार को एकजुट होकर किसानों के पक्ष में फैसला लेना चाहिए: किसान नेता बूटा सिंह

भाजपा नेताओं और हमारे मंत्रियों को कहना चाहूंगा कि एकजुट हो जाइए। प्रधानमंत्री कुछ और, गृहमंत्री कुछ और व कृषि मंत्री कुछ और बोल रहे हैं। विनती है कि हम एकजुट हैं और हमारी चुनी हुई सरकार को भी एकजुट होकर किसानों के पक्ष में फैसला लेना चाहिए: किसान नेता बूटा सिंह

05:59 PM, 10-Dec-2020

पीएम ने हमारी बातों को नहीं सुना और कानूनों को रद्द नहीं किया तो सारे धरने रेलवे ट्रैक पर आ जाएंगेः किसान नेता

किसान नेता बूटा सिंह ने कहा कि हमने 10 तारीख का अल्टीमेटम दिया हुआ था कि अगर पीएम मोदी ने हमारी बातों को नहीं सुना और कानूनों को रद्द नहीं किया तो सारे धरने रेलवे ट्रैक पर आ जाएंगे। आज की बैठक में ये फैसला हुआ कि अब रेलवे ट्रैक पर पूरे भारत के लोग जाएंगे। संयुक्त किसान मंच इसकी तारीख की जल्द घोषणा करेगा।

विज्ञापन
05:53 PM, 10-Dec-2020

14 तारीख को पंजाब के सभी DC ऑफिसों के बाहर धरने दिए जाएंगेः किसान नेता

किसान नेता बूटा सिंह ने कहा कि पंजाब में टोल प्लाजा, मॉल, रिलायंस के पंप, भाजपा नेताओं के दफ्तर और घरों के आगे धरना अभी भी जारी है। इसके अलावा 14 तारीख को पंजाब के सभी DC ऑफिसों के बाहर धरने दिए जाएंगे।

05:39 PM, 10-Dec-2020

जरूरत पड़ी तो बदलेंगे आंदोलन का तरीका लेकिन कानून वापस करा कर रहेंगेः किसान

सिंघु बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि आजादी के बाद ये सबसे लंबा संघर्ष है। यह संघर्ष अब चरम पर पहुंच चुका है। सरकार नहीं मानी तो लड़ाई का तरीका बदल लेंगे, लेकिन कानून वापस करवा कर रहेंगे।

05:12 PM, 10-Dec-2020

यूपी गेट पर खाना वितरण करने वालों से पुलिस ने की पूछताछ तो गुस्साए किसान

यूपी गेट पर खाने पीने का सामान वितरण करने वाले लोगों को पुलिस ने इंटेलिजेंस की सूचना के बाद सुबह करीब 10 बजे पूछताछ के लिए रोक लिया। इसकी सूचना किसानों को हुई तो उन्होंने गुस्से में आकर दिल्ली-गाजीपुर से गाजियाबाद कौशांबी की तरफ आने वाली लेन और वैशाली से यूपी गेट की तरफ जाने वाली लेन पर बैरिकेडिंग लगाकर हंगामा व नारेबाजी शुरू कर दी। किसानों की भीड़ को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने गुस्साए किसानों को शांत कर स्थिति को जाना, इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर पूछताछ के लिए रोके गए लोगों को छोड़ दिया गया। सीओ इंदिरापुरम अंशु जैन का कहना है कि इंटेलिजेंस की रिपोर्ट पर कुछ लोगों को पूछताछ के लिए रोका गया था, जिससे किसान गुस्से में आ गए थे। मौके पर ही किसानों की बातों को सुनने के बाद पूछताछ के लिए रोके गए लोगों से बात की गई। जिसमें संदिग्ध गतिविधि जैसी कोई बात सामने नहीं आई। अधिकारियों के समझाने पर किसानों ने दोनों रास्ते खोल दिए।

05:03 PM, 10-Dec-2020

कैंसर पीड़ित 80 वर्षीय बुजुर्ग रोज आते हैं गाजीपुर बॉर्डर

कैंसर से जूझने के बाद भी 80 साल के बुजुर्ग की हिम्मत में कोई कमी नहीं आई है। रोजाना गाजीपुर बॉर्डर पर सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक समय देते हैं। बुजुर्ग का कहना है कि सरकार किसानों के साथ नाइंसाफी कर रही है। सरकार को अपने कानून वापस ले लेने चाहिए।

04:51 PM, 10-Dec-2020

देश को आत्मनिर्भर बनाना है तो किसानों को आत्मनिर्भर बनाना होगाः तोमर

जब तक कृषि, कृषक और गांव आत्मनिर्भर नहीं होंगे तब कृषि क्षेत्र का उत्थान नहीं हो सकता। हमारा यह ध्येय है कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाया जाए। कृषि मंत्री ने कहा आपने देखा कोविड में भी पीएम ने किसानों को हर प्रकार से बचाने की कोशिश की है। फसलों की खरीदी पिछले वर्ष की तुलना में अधिक हुई। हमारी कोशिश है कि ऐसी संरचनाओं का निर्माण किया जाए जिससे किसानों को फायदा हो। हर्बल पार्क, मधुमक्खी पालन के लिए लोन उपलब्ध कराया जाए। देश को आत्मनिर्भर बनाना है तो किसानों को आत्मनिर्भर बनाना होगा।

04:41 PM, 10-Dec-2020

हमने एमएसपी को डेढ़ गुना कियाः कृषि मंत्री

कृषि मंत्री ने कहा कि हम हर उत्तर देने के लिए तैयार हैं। कोरोना का समय चल रहा है और इसको लेकर सभी के मन में आशंका है। किसान जब भी चर्चा चाहेंगे, हम तैयार हैं।  मैं आपसे कहना चाहता हूं कि पूरा देश इस बात का साक्षी है। एमएसपी को डेढ़ गुना करने की बात स्वामिनाथन आयोग ने 2006 में कही थी, हमने उसे भी पूरा करने की कोशिश की। अधिक उम्र के किसानों के लिए भी कई योजनाएं बनाई गई हैं। किसानों की सामाजिक सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया है। नया कानून नए मौके और नई टेक्नोलॉजी लेकर आएगा। सरकार अपनी तरफ से पूरा प्रयास कर रही है।

04:39 PM, 10-Dec-2020

एमएसपी पर न रखें कोई आशंकाः कृषि मंंत्री

कृषि मंत्री ने ये भी कहा कि हम बार-बार एमएसपी को लेकर आश्वासन दे चुके हैं लेकिन अब भी किसानों को इसे लेकर कोई आशंका है तो सरकार एमएसपी पर लिख के देने को तैयार है।

04:32 PM, 10-Dec-2020

हमने अब राज्य सरकारों को दिए कई अधिकारः कृषि मंत्री

कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों को लगता था कि उनकी एपीएमसी की मंडिया खत्म हो जाएंगी और व्यापारियों पर टैक्स लगाने के लिए राज्य सरकार को अधिकार देने की बात कही है। हमारे एक्ट में प्रावधान था कि पैन कार्ड से व्यापारी खरीदारी कर सकता है लेकिन किसानों को लगता था कि कोई भी पैन कार्ड के जरिए खरीदकर भाग जाएगा तो हम क्या करेंगे। इस शंका के समाधान हेतु राज्य सरकार को शक्ति दी जाएगी कि वह इस प्रकार की परिस्थिति में कोई भी नियम बना सकते हैं।

04:27 PM, 10-Dec-2020

हमने कई दौर की बात की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआः तोमर

ये कानून आए तो इन कानूनों के माध्यम से सरकार की कोशिश थी कि किसान मंडी की जंजीरों से मुक्त हों और ये कानून उसी को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं। इस कानून में ऐसे प्रावधान किए गए कि बिना जोखिम के पैसे मिलें और किसान को, किसान की भूमि को पूरी तरह से सुरक्षा देने का प्रबंध किया गया है। अगर विवाद होता है तो एसडीएम 30 दिन के भीतर उसका निराकरण करेगा। हमने लगातार बात की लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ। 

04:21 PM, 10-Dec-2020

पहले यूरिया की होती थी लूटः तोमर

आप सभी को मालूम है कि पहले यूरिया की काफी किल्लत होती थी और जब किसानों को जरूरत होती थी तो मुख्यमंत्री दिल्ली में आकर बैठ जाते थे। कई बार यूरिया लूटने की भी घटना होती थी। मोदी जी यूरिया की पूर्ति नियमित की।
 

04:20 PM, 10-Dec-2020

पहले निजी निवेश गांव तक पहुंचे इसकी बहुत कम संभावना थी। हमारा प्रयास है कि कृषि आगे बढ़े और उनकी आमदनी दोगुनी हो। 

04:18 PM, 10-Dec-2020

कृषि क्षेत्र में जो कानून बने उन पर लोकसभा और राज्यसभा में चार चार घंटे बहस हुई थी। दोनों कानून पारित हुए और महामहिम राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के बाद लागू हुए। कृषि के क्षेत्र में काफी कुछ करने का प्रयत्न किया जाता रहा है।

04:13 PM, 10-Dec-2020

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर किसान आंदोलन पर प्रेस वार्ता कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम कई विषय लेकर अपके सामने रखने वाले थे लेकिन पश्चिम बंगाल में भाजपा में हमारे पार्टी के अध्यक्ष की सुरक्षा में चूक हुई है। उनके काफिले पर पथराव किया गया है। राज्य सरकार द्वारा इसकी अनदेखी की जा रही है। हम इस हमले की निंदा करते हैं।

03:45 PM, 10-Dec-2020

चिल्ला बॉर्डर पर किसान लगा रहे दंड बैठक

चिल्ला बॉर्डर पर किसान दंड बैठक करते देखे जा रहे हैं। यहां किसान आंदोलन के अलावा नुक्कड़ नाटक, भजन-कीर्तन आदि भी करते हैं।

03:15 PM, 10-Dec-2020

जब तक नहीं मानेगी सरकार तब तक नहीं जाएंगे बॉर्डर सेः योगेश प्रताप

चिल्ला बॉर्डर पर भारतीय किसान यूनियन भानू के प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप धरनास्थल पर मौजूद हैं। उन्होंने कहा है कि जब तक सरकार उनकी मांगें नहीं मानती किसान बॉर्डर से नहीं जाएंगे।

02:01 PM, 10-Dec-2020

चिल्ला बॉर्डरः पुलिस ने किसानों को बांटे फूल

चिल्ला बॉर्डर पर दिल्ली के एसीपी पुलिस पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को कोरोना जांच के लिए कहा लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इस पर एसीपी ने किसान नेता को फूल देकर मनाने की कोशिश की। इस पर किसानों ने कहा कि प्रशासन शांति से बात करेगा तो हम भी करेंगे। इसके बाद नोएडा पुलिस ने भी किसानों को फूल दिए।.

01:29 PM, 10-Dec-2020

टिकरी बॉर्डर पर चल रहा काजू-बादाम का लंगर

टिकरी बॉर्डर पर किसानों के लिए काजू-बादाम का लंगर चल रहा है। वहीं यहां किसानों को मुफ्त में टूथपेस्ट और साबुन भी दिया जा रहा है।

                  

12:43 PM, 10-Dec-2020

खिलाड़ी बोले- मांगें मनवाकर ही जाएंगे वापस

किसानों के साथ प्रदर्शन में मौजूद खिलाड़ियों का कहना है कि हम किसान परिवारों की मदद के लिए उनके साथ आए हैं। सरकार से उनकी मांगें मनवाने के बाद ही हमारी वापसी होगी।

12:33 PM, 10-Dec-2020

कुंडली बॉर्डर पर जिम के उपकरणों के साथ हो रहा प्रदर्शन

कुंडली बॉर्डर पर किसानों का प्रदर्शन एक अलग ही अंदाज में चल रहा है। वहां किसानों के समर्थन में कई खिलाड़ी इकट्ठा हुए हैं। साथ ही युवा किसानों की भी अच्छी खासी संख्या है। उन्होंने डंबल के साथ ही कसरत के अन्य कई अपकरणों को जमा किया हुआ है। वे उन उपकरणों के साथ ही प्रदर्शन कर रहे हैं।

12:26 PM, 10-Dec-2020

प्रकाश जावडे़कर की किसानों से अपील

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने आंदोलन कर रहे किसानों से की अपील की है कि, फर्जी और भ्रामक खबरों का शिकार न हों।

12:13 PM, 10-Dec-2020

केंद्रीय मंत्री के घर में घुसकर करनी होगी उनकी पिटाईः बच्चू काडू

केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे के किसान आंदोलन के पीछे चीन-पाकिस्तान का हाथ है वाले बयान का चौतरफा विरोध हो रहा है। अब इस पर महाराष्ट्र के मंत्री बच्चू काडू ने कहा है कि पिछली बार जब उन्होंने ऐसे ही विवादित बयान दिए थे तो हमने उनके घर का घेराव किया था। लेकिन अब हालत ये है कि हमें उनके घर में घुसकर उनकी पिटाई करनी होगी।
 

11:51 AM, 10-Dec-2020

ग्रेटर नोएडाः समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने किया गिरफ्तार

किसानों के समर्थन में आज ग्रेटर नोएडा में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पदयात्रा निकाल रहे थे। लेकिन समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की पदयात्रा को पुलिस ने रोक लिया और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन भेज दिया।

11:47 AM, 10-Dec-2020

कृषि मंत्री तोमर आज करेंगे किसानों से आंदोलन खत्म करने की अपील

सूत्रों के अनुसार आज कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर आज आंदोलनकारी किसानों से आंदोलन खत्म करने और सरकार के साथ मिलकर काम करने की मांग करेंगे। इसके साथ ही वह प्रेस को भी संबोधित करेंगे। जानकारी के मुताबिक, कृषि मंत्री आज शाम चार बजे प्रेस कॉन्फ्रेस करेंगे।
 

11:44 AM, 10-Dec-2020

रावसाहेब का बयान भारतीय किसानों का अपमान हैः किसान नेता

केंद्रीय मंत्री रावसाहेब के चीन-पाकिस्तान वाले बयान पर ऑल इंडिया किसान सभा के जनरल सेक्रेटरी हन्ना मोल्लाह का कहना है कि यह भारतीय किसानों का अपमान है। किसान यहां अपने हित के लिए आए हैं और वह किसी अन्य ताकत की परवाह नहीं करते। केंद्रीय मंत्री रावसाहेब ने कहा था कि ये आंदोलन किसानों का नहीं है इसके पीछे पाकिस्तान और चीन का हाथ है।

11:41 AM, 10-Dec-2020

स्वर्ण मंदिर में किसानों के लिए की गई खास अरदास

पंजाब के हरमंदिर साहिब(स्वर्ण मंदिर) में अमृतसर में आंदोलन कर रहे किसानों के लिए खास अरदास की गई।
 

11:36 AM, 10-Dec-2020

चिल्ली बॉर्डर पर दिल्ली से आने वाला यातायात सामान्य रूप से चल रहा है

चिल्ला बॉर्डर पर आज दिल्ली से आने वाला यातायात सुचारु रूप से चल रहा है।



 

11:03 AM, 10-Dec-2020

केंद्रीय मंत्री रावसाहेब के बयान पर बोले संजय राउत- ये सच है तो सरकार चीन और पाकिस्तान पर करे सर्जिकल स्ट्राइक

केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना के नेता संजय राउत ने कहा है कि, अगर एक केंद्रीय मंत्री को यह जानकारी है कि किसान आंदोलन के पीछे पाकिस्तान या चीन का हाथ है तो रक्षा मंत्री को तुरंत चीन और पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक करनी चाहिए। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और हमारी सेनाओं के अध्यक्षों को इस गंभीर मुद्दे  पर चर्चा करनी चाहिए। बता दें कि केंद्रीय मंत्री रावसाहेब ने बुधवार को कहा था कि यह किसानों का आंदोलन नहीं है। इसके पीछे चीन और पाकिस्तान का हाथ है।
 

10:11 AM, 10-Dec-2020

हम दिल्ली के लोगों से समर्थन देने की अपील करते हैंः मनजीत सिंह, भाकियू नेता

भारतीय किसान यूनियन के नेता मनजीत सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा किसान आंदोलन को कमजोर करने की है लेकिन अब ज्यादा से ज्यादा किसान दिल्ली आकर इस आंदोलन में शामिल हो रहे हैं। हम दिल्ली के लोगों से अपील करते हैं कि हमें समर्थन दें।
 

 

09:59 AM, 10-Dec-2020

सिंघु, औचंदी समेत ये बॉर्डर रहेंगे बंद

आज सिंघु, औचंदी, पियाऊ मनियारी और मंगेश बॉर्डर आज बंद रहेंगे। एनएच 44 भी बंद रहेगा। इन रास्तों पर जाने की बजाय लामपुर, साफियाबाद, सबोली और सिंघु स्कूल टोल टैक्स बॉर्डर का इस्तेमाल करें। मुकरबा और जीटी करनाल रोड से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। इसके साथ ही आउटर रिंग रोड, जीटी करनाल रोड और एनएच 44 पर न जाने की सलाह भी है।
 

09:52 AM, 10-Dec-2020

टिकरी और धांसा बॉर्डर रहेंगे बंद

टिकरी और धांसा बॉर्डर आज पूरी तरह से बंद रहेंगे। वहीं झटीकरा बॉर्डर सिर्फ दो पहिया वाहन और पैदल राहगीरों के लिए खुला रहेगा।
 

09:46 AM, 10-Dec-2020

हरियाणा के ये बॉर्डर खुले रहेंगे

हरियाणा के झरोडा बॉर्डर(एक तरफ का रास्ता), दौराला, कापसहेड़ा, बडुसराय, रजोकरी एनएच 8, बिजवासन/बजघेड़ा, पालम विहार और डुंडहेड़ा बॉर्डर खुले रहेंगे। 
 

09:27 AM, 10-Dec-2020

केंद्र हमारी 15 में से 12 मांगों पर सहमत, मतलब तीनों कृषि कानून सही नहीं: राकेश टिकैत

टिकरी बॉर्डर पर डटे हैं किसान
किसान आंदोलन आज 15वें दिन में प्रवेश कर चुका है और आज भी किसान टिकरी बॉर्डर पर डटे हैं।
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें