किसानों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोकने के लिए सभी बॉर्डर पर जर्सी बेरियर रखे जा रहे हैं। साथ में क्रेन भी रखी जा रही है। जर्सी वेरियर सीमेंट के बने होते हैं और बहुत भारी होते हैं। उन्हें क्रेन के जरिए ही उठाया जा सकता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जर्सी बेरियर रखने से किसानों के वाहन दिल्ली में प्रवेश नहीं करेंगे।
दिल्ली पुलिस को आदेश है कि नई दिल्ली में कोई भी किसान प्रवेश न कर पाए। इस कारण नई दिल्ली जाने वाले रास्तों पर 24 घंटे की चेकिंग की जा रही है। नई दिल्ली को जाने वाले रास्तों पर आधा-आधा किमी की दूरी पर पिकेट लगाकर चेकिंग की जा रही थी। हर वाहन को चेक करने के बाद ही नई दिल्ली में प्रवेश करने दिया जा रहा था। नई दिल्ली के चारों तरफ जाने वाले हर रास्ते पर जगह-जगह सोमवार को चेकिंग की जा रही थी। नई दिल्ली में जंतर-मंतर के अलावा केन्द्र गृहमंत्री अमित शाह व प्रधानमंत्री आवास की सुरक्षा को भी सोमवार को कड़ा कर दिया गया था।
दक्षिणी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त देवेश श्रीवास्तव ने बताया कि वह लोगों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों की पुलिस से संपर्क बनाए हुए हैं। सोमवार को भी गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, राजस्थान, नोएडा, फरीदाबाद व हरियाणा के पुलिस अधिकारियों से किसान आंदोलन को लेकर बातचीत हुई। बॉर्डरों पर सोमवार को सुरक्षा व्यवस्था को और बढ़ा दिया गया है। हर वाहन को चेक करने के बाद ही दिल्ली में प्रवेश दिया जा रहा था। अगर कोई किसान दिल्ली में आ रहा है तो उसे बुराड़ी स्थित निरंकारी मैदान तक पहुंचाने के आदेश दिए गए हैं।