तीनों कृषि कानून पर एनडीए से बाहर चले गए शिरोमणि अकाली दल (बादल) की दिल्ली इकाई भी किसान आंदोलन आंदोलन की हमदर्द बनी हई है। दिल्ली इकाई के नेता नियमित तौर सिंघु और टिकरी बॉर्डर का दौरा कर किसानों को जरूरतों को पूरा कर रहे हैं। इसमें मदद दिल्ली सिख गुरूद्वारा प्रबंध कमेटी पर अकाली दल के सत्तासीन होने से मिली है। मानव सेवा के अपने मिशन के तहत प्रबंध कमेटी अपने स्तर पर किसानों तक खाना, पानी और दवा जैसी नागरिक सुविधाओं को मुहैया करा रही है। अकाली दल की कोशिश किसान आंदोलन के सहारे दुबारा से सत्ता हासिल करने की है।
पंजाब में सत्तासीन कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व किसान कानून पर लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है। वहीं, दिल्ली इकाई के नेता भी अपने स्तर पर आंदोलनकारियों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। यूथ कांग्रेस नेताओं ने किसानों को पानी और दवा मुहैया कराने के लिए सिंघु व टिकरी बॉर्डर का सोमवार को दौरा किया।