किसानों से बातचीत करते केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
किसान अस्तित्व बचाओ आंदोलन के तहत आमरण अनशन से सुखबीर खलीफा के नेतृत्व में आंदोलन कर रहे किसान गुरुवार को उग्र हो उठे। उन्होंने प्राधिकरण का मुख्य गेट तोड़ने की कोशिश की। हंगामे पर पुलिस बुला ली गई। हालांकि मौके पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने हंगामा शांत कराया और उनकी मांगों को बोर्ड बैठक के एजेंडे में शामिल कराने का आश्वासन दिया। वहीं, किसानों का अनशन अभी जारी है।
दोपहर एक बजे प्राधिकरण के मुख्य गेट पर करीब एक घंटे जद्दोजहद के बीच केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा पहुंचे और उन्होंने घोषणा की कि किसानों की पांचों मांगों को बोर्ड बैठक में शामिल कराया जाएगा। इसके बाद शासन सेसंस्तुति के लिए फॉलोअप किया जाएगा। लेकिन किसानों बोर्ड बैठक में प्रस्तावों की सूची मांगी है। केंद्रीय मंत्री के प्रयास के बाद भी किसानों ने धरना समाप्त नहीं किया। उधर, सुनील चौधरी ने कहा कि किसान केंद्रीय मंत्री के छलावे में नहीं आएंगे। आमरण अनशन पर सुखबीर खलीफा, ओमवीर नेताजी, राजेंद्र यादव, अमित कुमार, राहुल कुमार, शेरी यादव, मूले पहलवान, सब्बन पहलवान बैठे हैं। सुखबीर ने कहा कि बोर्ड बैठक में उनकी मांगों का प्रस्ताव शामिल होते ही अनशन खत्म कर दिया जाएगा।
गौतम अवाना की तबियत बिगड़ी
अनशन पर बैठे किसान नेता गौतम अवाना की तबीयत खराब होने की वजह से उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सेक्टर-30 स्थित जिला अस्पताल में उनको डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। अस्पताल में उन्हें देखने के लिए किसान एकता संघ के राष्ट्रीय संयोजक चौधरी बाली, यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पुरूषोत्तम नागर, यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव ललित अवाना, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य सतेंद्र शर्मा, प्रदेश संयोजक ऋषि गौतम, रोहित, अनिल अवाना आदि कार्यकर्ता पहुंचे।