सूरजकुंड से आसोला भाटी तक निकली हैरिटेज वॉक
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा पर्यटन निगम की ओर से शनिवार को विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सूरजकुंड में हैरिटेज एवं सिटी वॉक का आयोजन किया गया। यह वॉक ऐतिहासिक सूरजकुंड से आसोला भाटी वाइल्ड लाइफ सैंक्चुअरी तक निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों, युवाओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और स्थापत्य विरासत के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना व युवाओं को हरियाणा की गौरवशाली धरोहर से परिचित कराना था। इस दौरान प्रतिभागियों को सूरजकुंड के इतिहास, प्राचीन जल संरक्षण प्रणाली, सांस्कृतिक महत्व और पर्यटन की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। हरियाणा पर्यटन विभाग के उप महाप्रबंधक हरविंदर सिंह यादव ने कहा कि निगम प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोगों में अपनी विरासत के प्रति गर्व और संरक्षण की भावना विकसित करते हैं। प्रतिभागियों ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया।