Youth died in suspicious circumstances, in police investigation, Lagan was going back to his house from engagement ceremony
बल्लभगढ़। बाईपास रोड पर निर्माणाधीन दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे के कार्य के चलते बने गड्ढे में एक युवक का शव मिलने का मामला सामने आया है। थाना सिटी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मार्चरी में भिजवा दिया है। अभी परिजनों के द्वारा कोई शिकायत नहीं दी गई है। वहीं सूत्रों के अनुसार सीआईए सेक्टर-30 एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
थाना सिटी के एसएचओ सत्यवान ने बताया कि बाईपास रोड पर पिछले कई महीनों से दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे का काम चल रहा है। इसके चलते जगह जगह बड़े बड़े गड्ढे खोदे गए हैं। सुबह उनको सूचना मिली कि चंदावली बाईपास चौक से आईएमटी चौक की ओर जाने वाले रास्ते पर बने गड्ढे में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। उसके बाद टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को युवक के शव के साथ एक बाइक भी गड्ढे के अंदर खड़ी मिली। पुलिस को जांच में उसके पास से कुछ दस्तावेज बरामद हुए। साथ ही उसका फोन भी वहीं पड़ा हुआ था। युवक की पहचान गांव नरियाला निवासी विकास के रूप में हुई। इसके बाद सूचना परिजनों को दी गई। परिजनों ने बताया कि विकास पिछले ढाई साल से सेक्टर-16 स्थित विनोद की वर्कशॉप पर मेकेनिकल इंजीनियर के तौर पर कार्य कर रहा था। उसकी एक साल पहले शादी हुई थी। छह महीने का बेटा भी है। 4 दिसंबर को विकास मालिक की बेटी की लगन सगाई में शामिल होने सेक्टर-62 भगवती पैलेस बाई पास रोड में गया हुआ था।
मां को कहा, गेट खुला रखना में आ जाऊंगा
परिजनों ने बताया कि रात 9 बजे तक उसकी बात अपनी मां से हो रही थी। उसने कहा था कि, मां घर का गेट खुला रहने देना में आ जाऊंगा। लेकिन वो रात भर घर नहीं आया। परिजन उसको लगातार फोन कर रहे थे, लेकिन फोन कोई उठा नहीं रहा था। इसके बाद परिजनों ने सुबह ड्राइवर को फोन करके विकास के बारे में पूछा। उसने बताया कि रात को उनका एक्सीडेंट हो गया। कुछ समय के बाद पुलिस के द्वारा उनको सूचना मिली की विकास का शव बाई पास पर बने एक गड्ढे में पड़ा हुुआ है। परिजनों को आरोप है कि विकास का एक्सीडेंट नहीं हुआ है, बल्कि हत्या हुई है। इसको लेकर परिजनों के द्वारा करीब आधे घंटा तक जाम भी लगाया गया। थाना सिटी के एसएचओ सत्यवान ने बताया कि अभी परिजनों के द्वारा कोई शिकायत नहीं दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि विकास की मौत सड़क हादसे की वजह से हुई है। बाकी पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आने के बाद पता चलेगा।