फरीदाबाद। भूपानी थाना क्षेत्र में युवती के प्रेमी के साथ घर से जाने और कोर्ट मैरिज करने से नाराज उसके मामा पर परिवार के लोगों पर हमला कराने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शनिवार रात 15-20 लोग घर में घुस आए और डंडे, रॉड, कुल्हाड़ी व फरसे से हमला कर दिया।
मारपीट में 4-5 लोगों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर होने का आरोप है। भूपानी थाना पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए परिवार मंगलवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचा। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने मामले की जांच क्राइम ब्रांच से कराने का आश्वासन दिया है। पीड़ित राजा के अनुसार, अर्जुन पहलवान, राकेश पहलवान, जितेंद्र पहलवान, मुकेश, विवेक, अभिषेक समेत करीब 15-20 लोग पहुंचे और घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। परिवार के अनुसार, युवती और राजा के भतीजे के बीच करीब 3-4 साल से प्रेम संबंध था। दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार थे लेकिन युवती के मामा को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। युवती और युवक घर से जाने के बाद अभी अपने घर नहीं लौटे हैं। दोनों ने बाहर रहकर कोर्ट मैरिज कर ली है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी जाएगी। संवाद