फरीदाबाद। सेक्टर-16ए मार्केट के पास तेज रफ्तार कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए पैदल जा रहे पुलिस के जवान को टक्कर मार दी। हादसे में घायल सिपाही नारनौल, महेंद्रगढ़ निवासी आदेश फरीदाबाद की महापौर प्रवीन बत्रा जोशी की सुरक्षा में बतौर गनमैन तैनात है।
पुलिस को दी शिकायत में सिपाही आदेश ने बताया कि 20 सितंबर की रात करीब आठ बजे वह सेक्टर-16ए मार्केट से दूध खरीदकर पैदल महापौर के निवास स्थान लौट रहे थे। पीछे से आई तेज रफ्तार कार के चालक ने टक्कर मार दी, जिससे सड़क पर गिर पड़े और उनकी कमर में गंभीर चोट आई। मौके पर भीड़ जुटती देख आरोपी चालक वाहन समेत भाग गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि 21 सितंबर को पीड़ित जवान की लिखित शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संवाद