पत्नी ने कराया केस दर्ज
चांदहट थाना प्रभारी कैलाश चंद भड़ाना के अनुसार, मामले में चांदहट थाना अंतर्गत गांव इलाहाबाद बाडका निवासी मौसम ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसके 24 वर्षीय पति लोकेश बघौला स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। बीती 24 सितंबर की रात को वह ड्यूटी से घर वापस आए थे। रात के करीब 11 बजे गांव के ही धर्मेंद्र, हरेंद्र सिंह, सिंहराज और अन्य लोग उन्हें घर से बुलाकर ले गए। फिर पूरी रात लोकेश घर नहीं लौटा। आरोपियों के घर जाकर पता किया गया तो वह भी घर पर नहीं थे।
परिजनों ने लगाया आरोप
अगले दिन पुलिस ने उन्हें फोन पर बताया कि लोकेश घायल अवस्था में फरीदाबाद के बीके अस्पताल में दाखिल है। इसके बाद परिजन लोकेश को बीके अस्पताल से ईएसआई अस्पताल लेकर गए। शिकायतकर्ता के अनुसार, चार दिन तक लोकेश का उपचार चला और 27 सितंबर को उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि लोकेश के शरीर पर चोट के निशान हैं।
आरोपी अस्पताल में भर्ती कराकर भागे
आरोपी उनकी मौत सड़क हादसे से होने की बात कर रहे हैं, जबकि उनके पति की हत्या धर्मेंद्र, हरेंद्र सिंह, सिंहराज और अन्य ने पीट-पीट कर की है। जाते समय लोकेश के पास करीब 25 हजार रुपये थे, जो अब गायब हैं। उन्हें पता चला कि चांदहट रोड पर होटल पर सभी ने खाना खाया था। इसके बाद आरोपियों ने उसके पति के साथ मारपीट की। मारपीट में लोकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी लोकेश को घायल अवस्था में लेकर पलवल के एक निजी अस्पताल गए थे। वह हालत गंभीर देखते हुए उसे फरीदाबाद के बीके अस्पताल लेकर गए और अस्पताल में ही छोड़कर भाग गए।
पुलिस की गिरफ्त से बाहर आरोपी
पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।